UP NEWSमांगों को लेकर प्रदर्शन करते जल जीवन मिशन के पंप ऑपरेटर।

बरेली। ग्रामीण जल जीवन मिशन के तहत काम कर रहे पंप ऑपरेटरों ने वेतन और सुविधाओं की मांग को लेकर जिलाधिकारी को ज्ञापन सौंपा। ऑपरेटरों ने उन्हें आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने, 20 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन देने के साथ PF ESI दुर्घटना बीमा और साप्ताहिक अवकाश की सुविधा देने की मांग की है।

पंप ऑपरेटरों ने बताया कि जिले के ग्रामीण क्षेत्रों में जल जीवन मिशन के तहत बनाई गई पानी की टंकियों और पेयजल योजनाओं के संचालन की जिम्मेदारी वे संभाल रहे हैं। रोजाना पंप और मोटर चलाने के साथ गांवों में पानी की सप्लाई और उपकरणों की देखरेख भी करते हैं। किसी तरह की खराबी आने पर उसे ठीक कराने और पेयजल आपूर्ति सुचारू रखने की जिम्मेदारी भी उन पर रहती है।

NCC कंपनी के माध्यम से कर रहे काम

ऑपरेटरों के मुताबिक वर्तमान में वे NCC कंपनी के माध्यम से अपनी सेवाएं दे रहे हैं। उनका कहना है कि काम और जिम्मेदारी के हिसाब से उन्हें पर्याप्त वेतन और सुविधाएं नहीं मिल रही हैं। लंबे समय से काम करने के बावजूद सामाजिक सुरक्षा से जुड़ी सुविधाओं का लाभ भी नहीं मिल रहा है। इससे पंप ऑपरेटरों में नाराजगी है।

आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल करने की मांग

ज्ञापन में मांग की गई है कि वर्तमान में काम कर रहे सभी पंप ऑपरेटरों को नियमानुसार आउटसोर्सिंग व्यवस्था में शामिल किया जाए। प्रत्येक पंप ऑपरेटर का मासिक वेतन 20 हजार रुपये निर्धारित किया जाए। इसके साथ ही भविष्य निधि PF और ESI की सुविधा दी जाए। ऑपरेटरों ने दुर्घटना बीमा की सुविधा देने की भी मांग की है। उनका कहना है कि पंप और बिजली के उपकरणों के संचालन के दौरान दुर्घटना का खतरा बना रहता है। ऐसे में काम के दौरान जरूरी सुरक्षा उपकरण उपलब्ध कराए जाने चाहिए।

साप्ताहिक छुट्टी और पहचान पत्र भी मांगा

पंप ऑपरेटरों ने नियमानुसार साप्ताहिक अवकाश और अन्य वैधानिक छुट्टियों की मांग की है। इसके अलावा सभी ऑपरेटरों को पहचान पत्र और सेवा से संबंधित जरूरी दस्तावेज उपलब्ध कराने की मांग रखी गई है। ऑपरेटरों ने जिलाधिकारी से मांगों पर कार्रवाई कराने की अपील की है। ज्ञापन पर कई पंप ऑपरेटरों ने हस्ताक्षर कर अपनी सहमति जताई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *