बरेली। इज्जतनगर के परतापुर चौधरी में बैंक के सीज मकान को लेकर देर रात हंगामा हो गया। मकान की सुरक्षा में तैनात गार्ड ने आरोप लगाया कि दीपक सक्सेना 6-7 लोगों के साथ वहां पहुंचा और उसके सामने लोहे के कटर से मकान का ताला काट दिया। विरोध करने पर गार्ड को डराया-धमकाया और उसके साथ मारपीट की गई। किसी तरह वहां से बचकर निकले गार्ड ने डायल 112 पर सूचना दी। इसके बाद इज्जतनगर थाने पहुंचकर तहरीर दी।
रात करीब साढ़े 11 बजे अचानक पहुंचे लोग
संजयनगर निवासी अशोक कुमार सुरक्षा गार्ड की नौकरी करते हैं। उनकी ड्यूटी 18-19 सितंबर की रात परतापुर चौधरी स्थित उस मकान पर लगी थी, जिसे बैंक की ओर से सीज किया गया था। अशोक के मुताबिक रात करीब 11:30 बजे दीपक सक्सेना कुछ अन्य लोगों के साथ मकान पर पहुंचा। आरोप है कि सभी लोग जबरन अंदर घुस गए।
आंखों के सामने कटर से काट दिया ताला
गार्ड का आरोप है कि उसके सामने ही लोहे के कटर से मकान का ताला काट दिया गया। उसने इसका विरोध किया तो आरोपियों ने उसे डराया-धमकाया। मारपीट के बाद वह किसी तरह वहां से निकलकर अपने घर पहुंचा। गार्ड का कहना है कि उस समय वह काफी डर गया था और किसी तरह अपनी जान बचाकर वहां से भागा।
112 को फोन किया, फिर थाने पहुंचा
घर पहुंचने के बाद अशोक ने डायल 112 पर घटना की सूचना दी। इसके बाद वह इज्जतनगर थाने पहुंचा और पुलिस को पूरी घटना बताते हुए कार्रवाई की मांग की। पीड़ित ने अपनी तहरीर में दीपक सक्सेना समेत 6-7 अन्य लोगों पर आरोप लगाए हैं। पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर मामले की जांच कर रही है।