up newsप्रतीकात्मक चित्र

बरेली। जाट रेजिमेंटल सेंटर बरेली में यूनिट हेडक्वार्टर्स (यूएचक्यू) कोटा के तहत 6 से 13 अगस्त 2026 तक अग्निवीर भर्ती रैली आयोजित होगी। भर्ती में अग्निवीर जनरल ड्यूटी, ट्रेड्समैन, स्पोर्ट्स और क्लर्क पदों के लिए पात्र अभ्यर्थियों का चयन किया जाएगा। भर्ती रैली में केवल निर्धारित पात्रता रखने वाले अभ्यर्थियों को ही शामिल होने की अनुमति होगी।

रक्षा जनसंपर्क अधिकारी शांतनु के अनुसार भर्ती रैली में युद्ध विधवाओं के पुत्र, जाट रेजिमेंट के पूर्व व सेवारत सैनिकों के पुत्र और सगे भाई, युद्ध में शहीद व घायल सैनिकों के आश्रित तथा उत्कृष्ट खिलाड़ी भाग ले सकेंगे। इसके अलावा अन्य रेजिमेंटों के पूर्व एवं सेवारत सैनिकों के पुत्र, भाई और कानूनी रूप से गोद लिए गए बच्चे भी निर्धारित पात्रता पूरी करने पर भर्ती में शामिल हो सकेंगे।

सुबह चार बजे रिपोर्टिंग, सात बजे के बाद नहीं मिलेगा प्रवेश

अभ्यर्थियों को सभी मूल प्रमाणपत्रों और जरूरी दस्तावेजों के साथ सुबह चार बजे जाट रेजिमेंटल सेंटर के जाट गेट पर रिपोर्ट करना होगा। सुबह सात बजे के बाद पहुंचने वाले किसी भी अभ्यर्थी को भर्ती में प्रवेश नहीं दिया जाएगा। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए अभ्यर्थी जाट रेजिमेंटल सेंटर, बरेली के भर्ती कार्यालय से संपर्क कर सकते हैं। भर्ती कार्यक्रम के अनुसार 6 अगस्त को स्पोर्ट्स ट्रायल में चयनित खिलाड़ियों तथा उत्तर प्रदेश, हरियाणा और राजस्थान को छोड़कर अन्य राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर स्पोर्ट्स और जनरल ड्यूटी भर्ती होगी। 7 अगस्त को हरियाणा के निर्धारित जिलों के अभ्यर्थियों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती आयोजित की जाएगी।

10 अगस्त को बरेली समेत कई जिलों के युवाओं की बारी

8 अगस्त को उत्तर प्रदेश के पहले समूह के जिलों के अभ्यर्थी भर्ती में शामिल होंगे। 10 अगस्त को बरेली, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर समेत उत्तर प्रदेश के दूसरे समूह के जिलों के अभ्यर्थियों की भर्ती होगी। 11 अगस्त को राजस्थान के निर्धारित जिलों के अभ्यर्थियों के लिए जनरल ड्यूटी भर्ती आयोजित की जाएगी। वहीं 12 अगस्त को सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर ट्रेड्समैन पद की भर्ती होगी। वहीं 13 अगस्त को केवल जाट रेजिमेंट के सभी राज्यों के पात्र अभ्यर्थियों के लिए अग्निवीर क्लर्क पद की भर्ती आयोजित की जाएगी। भर्ती प्रक्रिया में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों को निर्धारित समय और सभी आवश्यक दस्तावेजों के साथ पहुंचने की सलाह दी गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *