बरेली। भोजीपुरा पुलिस ने गौकशी की तैयारी कर रहे दो आरोपियों को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के पहुंचते ही दोनों ने फायरिंग कर दी, जिसमें एक सिपाही घायल हो गया। जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैरों में गोली लगी। मौके से रस्सियों से बंधा जिंदा बैल, दो तमंचे और गौकशी में इस्तेमाल होने वाले हथियार बरामद किए गए।
तमंचे और गौकशी का पूरा सामान बरामद
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने खेत की तलाशी ली तो यूकेलिप्टिस के पेड़ से बंधा जिंदा बैल मिला। उसके मुंह और चारों पैर बांधे गए थे। पुलिस ने बैल को सुरक्षित छुड़ाया। वहीं मौके से दो अवैध तमंचे, कारतूस, दो बड़े छुरे, बांका, लोहे का दांव, लकड़ी का गुटका और रस्सियां बरामद हुईं। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान धौराटांडा निवासी दानिश और फईम के रूप में हुई। पूछताछ में दोनों ने बताया कि 18/19 जुलाई की रात उन्होंने अपने छह साथियों के साथ मिलकर धौराटांडा के बिरहा तालाब के पास गौवध किया था। मांस बेचकर रुपये कमाए और उसी लालच में दोबारा वारदात की तैयारी कर रहे थे।
पुराने केसों का भी निकला रिकॉर्ड
पुलिस जांच में सामने आया कि दोनों आरोपी पहले से गोवध और अवैध हथियारों के मामलों में नामजद हैं। फईम पर दो और दानिश पर तीन मुकदमे पहले से दर्ज हैं। अब दोनों पर हत्या के प्रयास, गोवध निवारण अधिनियम, पशु क्रूरता निवारण अधिनियम और आर्म्स एक्ट समेत कई गंभीर धाराओं में नया मुकदमा दर्ज किया गया है। पूछताछ में सामने आए छह अन्य आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार दबिश दे रही है। अधिकारियों का कहना है कि इस पूरे गिरोह को पकड़ने के लिए अलग-अलग टीमें लगाई गई हैं।