बरेली। पहले बेटे को जबरन व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़कर रोज मां-बहन की गालियां दी गईं। जब उसने इसका विरोध किया तो अगले ही दिन दर्जनभर दबंग लाठी-डंडे लेकर उसके घर में घुस आए। आरोप है कि घर में जमकर तोड़फोड़ की गई, युवक को बेरहमी से पीटा गया और बचाने आई मां व बहनों के साथ भी मारपीट और अभद्रता की गई। पूरे घटनाक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है। पीड़ित परिवार ने किला पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
किला थाना क्षेत्र के मलूकपुर निवासी नुसरत पत्नी आरिफ खान का आरोप है कि उनके बेटे आरिस को मोहल्ले के कुछ युवकों ने एक व्हाट्सएप ग्रुप में जोड़ रखा था। ग्रुप में उसके साथ लगातार मां-बहन की गालियां दी जाती थीं। आरिस कई बार ग्रुप छोड़ता रहा, लेकिन आरोप है कि उसे बार-बार दोबारा ग्रुप में जोड़ लिया जाता था और अभद्र भाषा का इस्तेमाल किया जाता था।
विरोध किया तो घर पर बोल दिया हमला
महिला का कहना है कि 16 जुलाई को बेटे ने गाली-गलौज का विरोध किया तो आरोपियों ने उसे देख लेने और गालियां देते रहने की धमकी दी। आरोप है कि अगले ही दिन दोपहर करीब 12:30 बजे कैफ, जैबू, आहद समेत दर्जनभर लोग एकजुट होकर उनके घर पहुंच गए। सभी ने गाली-गलौज करते हुए घर में घुसकर हमला कर दिया और जमकर तोड़फोड़ की। तहरीर के मुताबिक हमलावरों ने आरिस को बेरहमी से पीटा। बेटे को बचाने के लिए नुसरत और उनकी बेटियां बीच-बचाव करने पहुंचीं तो उनके साथ भी मारपीट की गई। आरोप है कि महिलाओं के साथ अभद्रता की गई और गलत तरीके से पकड़कर बदसलूकी की गई। शोर सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, तब हमलावर जान से मारने की धमकी देते हुए वहां से भाग निकले।
बेटे की जान को खतरा, पुलिस से कार्रवाई की मांग
पीड़िता का कहना है कि आरोपी पहले से ही उनके बेटे से रंजिश रखते हैं और लगातार धमकियां दे रहे हैं। उन्हें आशंका है कि भविष्य में कोई बड़ी वारदात हो सकती है। इसी को लेकर किला पुलिस को नामजद तहरीर देकर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की गई है। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने की चर्चा है। किला इंस्पेक्टर अचल सिंह ने बताया कि मामले में तहरीर मिली है। वायरल वीडियो समेत सभी तथ्यों की जांच की जा रही है। जांच के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।