बरेली। शहर में अतिक्रमण के खिलाफ नगर निगम ने बुधवार को बड़ा अभियान चलाया। मथुरापुर, कमिश्नरी गेट, राजेंद्र नगर, श्यामतगंज फल मंडी, सिविल लाइंस और राजेंद्र रोड समेत कई इलाकों में बुलडोजर गरजा। सड़क और फुटपाथ पर किए गए अवैध कब्जों को ध्वस्त कर दिया गया। अभियान के दौरान पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल रहा और कई अतिक्रमणकारी अपना सामान समेटते नजर आए।

0

खोखे, झोपड़ियां और अवैध निर्माण किए ध्वस्त

नगर निगम की प्रवर्तन टीम ने सड़क किनारे बने खोखे, झोपड़ियां, कच्चे-पक्के अवैध निर्माण और फुटपाथों पर कब्जा कर लगाए गए स्टॉल हटवा दिए। सिविल लाइंस और राजेंद्र नगर रोड पर फुटपाथों पर कब्जा जमाए ठेले और अस्थायी दुकानें भी हटाई गईं, जिससे पैदल चलने वालों और वाहनों के आवागमन में आ रही बाधा खत्म हो सके। कार्रवाई के दौरान कुछ लोगों ने विरोध करने की कोशिश की और टीम का रास्ता रोकने का प्रयास किया। माहौल बिगड़ता देख प्रवर्तन दल ने सख्ती दिखाई। लाठी फटकारते ही विरोध कर रहे लोग मौके से हट गए, जिसके बाद बिना किसी रुकावट के अभियान आगे बढ़ाया गया।

रेता-बजरी का सामान भी जब्त

नगर निगम की टीम ने सड़क किनारे रेता-बजरी बेचकर अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ भी कार्रवाई की। मौके पर रखा निर्माण सामग्री का सामान जब्त किया गया और दोबारा अतिक्रमण न करने की चेतावनी दी गई। दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि अभियान के दौरान अतिक्रमण हटाने के साथ नियमों का उल्लंघन करने वालों से 51 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया। उन्होंने कहा कि शहर को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए यह अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *