बरेली। सीबीगंज थाना क्षेत्र में चोरों ने सराफा दुकान में नकब लगाकर करीब सात लाख रुपये के सोने-चांदी के आभूषण और नकदी चोरी कर ली, वहीं इज्जतनगर थाना क्षेत्र में छत के रास्ते घर में घुसे चोर महिला के लाखों रुपये के जेवर और नगदी लेकर फरार हो गए। दोनों मामलों में पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
सीबीगंज में सराफा दुकान की दीवार फोड़कर वारदात
किला क्षेत्र के गढ़ैया निवासी रूपकिशोर रस्तोगी की सराफा दुकान सीबीगंज के गांव दौली रघुबर दयाल स्थित मठिया के पास है। गुरुवार शाम दुकान बंद करने के बाद शुक्रवार को साप्ताहिक अवकाश होने के कारण दुकान नहीं खोली गई। शनिवार सुबह पड़ोसी दुकानदार ने दीवार टूटने की सूचना दी। मौके पर पहुंचने पर पता चला कि चोरों ने लिंटर के पास दीवार में नकब लगाकर दुकान में प्रवेश किया और तिजोरी का लॉक तोड़ दिया। तिजोरी में रखे करीब दो किलो चांदी के आभूषण, दस ग्राम सोने की लौंग, कान की बालियां समेत अन्य जेवर और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। चोरी गए सामान की कीमत करीब सात लाख रुपये बताई गई है। पीड़ित सराफ की तहरीर पर सीबीगंज पुलिस ने अज्ञात चोरों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है।
इज्जतनगर में छत के रास्ते घर में घुसे चोर
इज्जतनगर थाना क्षेत्र की रामेश्वर कॉलोनी, गली नंबर-7 निवासी राधा गंगवार पत्नी स्वर्गीय राजीव कुमार गंगवार किराये के मकान में अपने दो बच्चों के साथ रहती हैं। पीड़िता के अनुसार शुक्रवार रात वह अपने दो बच्चों के साथ एक कमरे में सो रही थीं। इसी दौरान अज्ञात चोर छत के रास्ते घर में घुस आए। चोरों ने पहले उनके कमरे का दरवाजा बाहर से बंद कर दिया और दूसरे कमरे में रखी सेफ का ताला तोड़कर उसमें रखे दो सोने की चेन, दो सोने के लॉकेट, तीन सोने की अंगूठियां, पांच जोड़ी सोने के कुंडल, करीब छह से सात तोला सोना, लगभग 400 ग्राम चांदी की पायल और आठ हजार रुपये नकद चोरी कर लिए। सुबह नींद खुलने पर राधा गंगवार ने देखा कि सेफ का सारा सामान बिखरा पड़ा है और जेवर-नकदी गायब हैं। मकान मालिक ने तत्काल डायल-112 पर सूचना दी, जिसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
दो थानों में दर्ज हुए मुकदमे, पुलिस जांच में जुटी
सीबीगंज और इज्जतनगर थाना पुलिस ने दोनों मामलों में संबंधित पीड़ितों की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस का कहना है कि घटनास्थलों से मिले साक्ष्यों और सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान कर जल्द गिरफ्तारी का प्रयास किया जा रहा है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से शहर और ग्रामीण इलाकों के लोगों में दहशत का माहौल है।