बरेली। धार्मिक नारे लगवाकर वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल करने, मारपीट और रंगदारी वसूलने के मामले में कैंट पुलिस ने जिला बदर किए गए मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर के फरार साथी भारत यादव को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश कर जेल भेज दिया गया।
यह मामला 29 मार्च 2026 का है। सदर बाजार निवासी विजेंद्र की शिकायत पर दर्ज मुकदमे में आरोप है कि ऋषभ ठाकुर और उसके साथियों ने शोएब अली के साथ मारपीट की थी। आरोपियों ने पीड़ित से जबरन धार्मिक नारे लगवाए, उसका वीडियो बनाया और सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया। साथ ही जान से मारने की धमकी देकर सात हजार रुपये नकद और दो हजार रुपये ऑनलाइन ट्रांसफर कराकर कुल नौ हजार रुपये की रंगदारी भी वसूली थी।
मुख्य आरोपी पहले ही जा चुका है जेल
घटना का वीडियो वायरल होने के बाद पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मुख्य आरोपी ऋषभ ठाकुर और उसके दो साथियों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया था। मामले में फरार चल रहे भारत यादव की तलाश लगातार की जा रही थी। शनिवार को पुलिस ने उसे भी गिरफ्तार कर लिया। मुखबिर की सूचना पर उपनिरीक्षक राजीव पटेल ने पुलिस टीम के साथ उज्ज्वल कॉलोनी के सामने स्थित मैदान में दबिश देकर भारत यादव पुत्र स्वर्गीय करन, निवासी ग्राम चैत गोटिया, थाना कैंट को गिरफ्तार किया। आरोपी के खिलाफ इसी मामले में पहले से गिरफ्तारी वारंट लंबित था।
पहले भी दर्ज है आपराधिक मुकदमा
कैंट इंस्पेक्टर संजय धीर का कहना है कि गिरफ्तार आरोपी भारत यादव का आपराधिक रिकॉर्ड भी रहा है। उसके खिलाफ कैंट थाने में पूर्व से एक अन्य मुकदमा भी दर्ज है। पुलिस अब इस मामले में वीडियो में दिखाई देने वाले अन्य आरोपियों की पहचान कर उनकी तलाश में जुटी है। वायरल वीडियो, मोबाइल फोन और अन्य डिजिटल साक्ष्यों की फोरेंसिक जांच कराई जा रही है। मामले में सामने आने वाले अन्य आरोपियों के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की जाएगी।