बरेली। बिथरी चैनपुर थाना क्षेत्र में नौवीं कक्षा की एक छात्रा ने मंगलवार रात घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। जांच में सामने आया है कि छात्रा होटल में अपने प्रेमी के साथ पकड़े जाने और उसके फोटो-वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने से गहरे सदमे में थी।
होटल में नौवीं कक्षा की छात्रा अपने दूसरे समुदाय के प्रेमी और उसके एक दोस्त के साथ पहुंची थी। आरोप है कि प्रेमी का दोस्त कमरे के बाहर निगरानी कर रहा था। इसी दौरान सूचना मिलने पर एक संगठन के कार्यकर्ता होटल पहुंच गए और वहां हंगामा शुरू हो गया। हंगामे के बीच प्रेमी युगल होटल से निकलकर भागने लगा। आरोप है कि संगठन के कार्यकर्ताओं ने दोनों के फोटो और वीडियो बना लिए। बाद में इन्हें सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वहीं, प्रेमी के दोस्त को पकड़कर इज्जतनगर थाना पुलिस के हवाले कर दिया गया।
वायरल वीडियो से आहत छात्रा ने घर में लगा लिया फंदा
बताया जा रहा है कि सोशल मीडिया पर फोटो और वीडियो वायरल होने के बाद छात्रा गहरे मानसिक तनाव में आ गई थी। मंगलवार रात उसने अपने घर में फंदा लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलते ही बिथरी चैनपुर थाना प्रभारी राजेश बाबू, फॉरेंसिक टीम और पुलिस मौके पर पहुंची। कमरे का दरवाजा तोड़कर छात्रा का शव नीचे उतारा गया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए घटनास्थल से साक्ष्य भी एकत्र किए।
वीडियो वायरल करने वालों की भूमिका भी जांच के दायरे में
पुलिस का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। परिजनों की तहरीर मिलने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। जांच में यह भी शामिल है कि फोटो-वीडियो किसने रिकॉर्ड किए, उन्हें किसने सोशल मीडिया पर वायरल किया और पूरे घटनाक्रम में किन लोगों की क्या भूमिका रही। जांच के आधार पर विधिक कार्रवाई की जाएगी।