bareillyप्रतिकात्मक चित्र

बरेली। इज्जतनगर क्षेत्र में एक सेना अधिकारी के परिवार को ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कैफे संचालक ने सेना अधिकारी की पत्नी की तस्वीरों को एडिट कर अश्लील बनाकर सोशल मीडिया पर वायरल करने और पूरे परिवार को बदनाम करने की धमकी दी। इसके एवज में आरोपी ने मोटी रकम की मांग की, जबकि महिला को अश्लील संदेश भेजकर लगातार मानसिक उत्पीड़न भी करता रहा। सेना अधिकारी की शिकायत पर एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।

पीड़ित सेना अधिकारी के अनुसार, उनकी पत्नी घर पर रहती हैं। दो अप्रैल को उन्होंने अपने आवासीय परिसर का एक हिस्सा रोहित सक्सेना को कैफे संचालन के लिए किराए पर दिया था। आरोप है कि रोहित ने पुलिस सत्यापन की रसीद तो दिखाई, लेकिन सत्यापन प्रमाणपत्र कभी उपलब्ध नहीं कराया।

परिसर खाली करने के बाद शुरू हुआ विवाद

सेना अधिकारी का आरोप है कि परिसर खाली करने के बाद से ही रोहित सक्सेना उनकी पत्नी और परिवार को लगातार प्रताड़ित करने लगा। उसने महिला की तस्वीरों को एडिट कर सोशल मीडिया पर आपत्तिजनक टिप्पणी के साथ वायरल करने की धमकी दी। इतना ही नहीं, आरोपी ने महिला के मोबाइल पर अश्लील संदेश भी भेजे। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि रोहित सक्सेना ने परिवार से रूपयों की मांग की और कहा कि यदि उसकी मांग पूरी नहीं की गई तो वह महिला की एडिट की गई तस्वीरें सोशल मीडिया पर प्रसारित कर पूरे परिवार को बदनाम कर देगा।

एसएसपी के आदेश पर दर्ज हुआ मुकदमा

मामले को गंभीर मानते हुए सेना अधिकारी ने एसएसपी अनुराग आर्य से मुलाकात कर पूरी घटना की शिकायत की। इसके बाद एसएसपी के निर्देश पर इज्जतनगर पुलिस ने आरोपी रोहित सक्सेना के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। इज्जतनगर इंस्पेक्टर सुरेश चंद गौतम का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed