फरीदपुर। फरीदपुर में नगर पालिका परिषद की पूर्व अध्यक्ष और भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष की पत्नी पर घर में घुसकर हमला करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि लाठी-डंडों से लैस दबंगों ने पूर्व पालिका अध्यक्ष की बेरहमी से पिटाई की और बीच-बचाव करने पहुंचे उनके बेटे को भी नहीं बख्शा। पीड़िता ने चार लोगों के खिलाफ मारपीट और सोने की चेन लूटने का आरोप लगाते हुए पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, मामले में समझौते का दबाव बनाए जाने की भी बात सामने आई है।
फरीदपुर के मोहल्ला फर्रखपुर निवासी पूर्व पालिका अध्यक्ष पूनम गुप्ता, जो भाजपा के पूर्व मंडल अध्यक्ष ब्रह्माशंकर गुप्ता की पत्नी हैं, के घर के बाहर परचून की दुकान संचालित होती है। ब्रह्माशंकर गुप्ता ने बताया कि उनकी दुकान पर मोहल्ला ऊंचा निवासी माजिद काम करते हैं। शुक्रवार को माजिद दुकान के सामने से गुजर रहे थे। आरोप है कि इसी दौरान कुछ लोगों ने उन्हें गालियां देना शुरू कर दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने माजिद के साथ मारपीट शुरू कर दी। जान बचाने के लिए माजिद भागकर पूनम गुप्ता के घर में घुस गए।
आरोप है कि इसके बाद लाठी-डंडों से लैस दबंग जबरन घर में घुस आए। पूर्व पालिका अध्यक्ष ने विरोध करते हुए उन्हें बाहर जाने को कहा तो आरोपियों ने उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। शोर सुनकर उनका बेटा मौके पर पहुंचा और बीच-बचाव का प्रयास किया, लेकिन आरोपियों ने उसके साथ भी मारपीट कर दी।
पीड़िता का आरोप है कि हमले के दौरान उनकी सोने की चेन भी छीन ली गई। उन्होंने चार नामजद लोगों के खिलाफ तहरीर देकर कार्रवाई की मांग की है। उधर, पीड़ित पक्ष का कहना है कि कुछ लोग आरोपियों को बचाने के लिए समझौते का दबाव बना रहे हैं। पुलिस का कहना है कि तहरीर के आधार पर मामले की जांच की जा रही है। जांच में जो तथ्य सामने आएंगे, उनके आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।