मेरठ। उत्तर प्रदेश के मेरठ जिले में एक नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मृतका के परिजनों ने पति पर आरोप लगाया है कि वह अपनी 16 वर्षीय साली से निकाह करना चाहता था। पत्नी ने इसका विरोध किया तो पति ने कथित तौर पर उसे तेजाब पिला दिया। गंभीर रूप से झुलसी महिला की अस्पताल में उपचार के दौरान मौत हो गई। पुलिस ने पति समेत ससुराल पक्ष के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
डेढ़ साल पहले हुआ था निकाह
मामला मेरठ के लोहियानगर थाना क्षेत्र का है। परीक्षितगढ़ थाना क्षेत्र के अमरसिंह गांव निवासी रहीमुद्दीन ने करीब डेढ़ वर्ष पहले अपनी बेटी मुस्कान का निकाह फतेहउल्लापुर निवासी नासिर से कराया था। परिजनों का आरोप है कि शादी के बाद से ही मुस्कान को दहेज की मांग को लेकर प्रताड़ित किया जाता था। उसके साथ मारपीट की जाती थी और मानसिक रूप से भी परेशान किया जाता था।
16 वर्षीय साली से निकाह कराने का बना रहा था दबाव
मृतका के परिजनों के मुताबिक, पिछले दो महीनों से नासिर अपनी पत्नी पर दबाव बना रहा था कि वह अपनी 16 वर्षीय छोटी बहन से उसका निकाह करवा दे। मुस्कान लगातार इसका विरोध कर रही थी, जिसके चलते पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था।
विरोध करने पर तेजाब पिलाने का आरोप
परिजनों का आरोप है कि बुधवार को इसी बात को लेकर दोनों के बीच फिर विवाद हुआ। आरोप है कि गुस्से में आकर नासिर ने मुस्कान के मुंह में तेजाब डाल दिया। गंभीर हालत में उसे पहले हापुड़ रोड स्थित एक निजी अस्पताल और बाद में गढ़ रोड के दूसरे अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां देर रात इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई।
पति समेत ससुराल पक्ष फरार
घटना की सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मृतका के पिता रहीमुद्दीन की तहरीर पर पहले पति और उसके परिजनों के खिलाफ गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया था। महिला की मौत के बाद पुलिस ने मामले में हत्या की धारा भी जोड़ दी है। फिलहाल आरोपी फरार हैं और उनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही है।
पुलिस बोली- हर पहलू की हो रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले की हर पहलू से जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य वैज्ञानिक साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। पुलिस का कहना है कि साक्ष्यों के आधार पर दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।