up newsमंच पर मौजूद सीएम योगी व अन्य जन प्रतिनिधि

बरेली। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंगलवार को बरेली दौरे के दौरान पुलिस लाइन से सीधे जीआईसी ऑडिटोरियम पहुंचकर प्रख्यात कथावाचक और ‘राधेश्याम रामायण’ के रचयिता पंडित राधेश्याम की प्रतिमा का अनावरण किया। इस अवसर पर स्मार्ट सिटी परियोजना से निर्मित जीआईसी ऑडिटोरियम का नाम बदलकर ‘पंडित राधेश्याम स्मृति भवन’ भी कर दिया गया।

खड़ी बोली के महान साहित्यकार को दी श्रद्धांजलि

मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम की प्रतिमा पर पुष्प अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। खड़ी बोली में रचित ‘राधेश्याम रामायण’ और अपनी विशिष्ट लोकनाट्य शैली के जरिए देश-दुनिया में पहचान बनाने वाले पंडित राधेश्याम की स्मृति को संजोने के उद्देश्य से जिला प्रशासन ने ऑडिटोरियम परिसर में उनकी प्रतिमा स्थापित कराई है।

0

परिजनों से की मुलाकात

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने पंडित राधेश्याम के परिवार के नौ सदस्यों से मुलाकात की। पंडित राधेश्याम की पौत्री शारदा भार्गव ने इस अवसर पर खुशी जताते हुए कहा कि उनके परिवार के लिए यह गर्व का क्षण है। 25 नवंबर 1890 को बरेली के बिहारीपुर में जन्मे पंडित राधेश्याम का भारतीय साहित्य और संस्कृति में महत्वपूर्ण योगदान रहा है।

जनप्रतिनिधियों को किया संबोधित

प्रतिमा अनावरण के बाद मुख्यमंत्री ने सभागार में मौजूद जनप्रतिनिधियों और भाजपा कार्यकर्ताओं को संबोधित किया। जिला प्रशासन की ओर से यह कार्यक्रम करीब 15 मिनट का निर्धारित था, हालांकि कार्यक्रम निर्धारित समय से आगे भी चला।

इसके बाद समीक्षा बैठकों का दौर

ऑडिटोरियम से मुख्यमंत्री सर्किट हाउस पहुंचे, जहां उन्होंने लोक निर्माण विभाग (पीडब्ल्यूडी) के नए और पुराने कार्यों की मंडलीय समीक्षा की। इसके बाद विकास परियोजनाओं और कानून-व्यवस्था को लेकर अधिकारियों के साथ विस्तृत बैठक की। बरेली में मुख्यमंत्री का कुल प्रवास करीब साढ़े तीन घंटे का रहा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *