बरेली। सुभाषनगर थाना क्षेत्र का रहने वाला एक एलएलबी का छात्र लापता हो गया है, वह ट्रेन से अपने मामा के घर जाने के लिए निकला था। पांच दिन बीत जाने के बावजूद उसका कोई सुराग नहीं लग सका है। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है और उन्हें किसी बड़ी अनहोनी की आशंका सता रही है।
थाना क्षेत्र में तपेश्वर नाथ मंदिर के पास रहने वाला 24 वर्षीय अरुण सक्सेना एलएलबी का छात्र है। 17 जून को वह बरेली जंक्शन से ट्रेन पकड़कर सोरों स्थित अपने मामा के घर जाने के लिए निकला था। सफर के दौरान उसकी अपने बड़े भाई वरुण सक्सेना से मोबाइल पर बातचीत हुई थी। बातचीत में अरुण ने ट्रेन में अत्यधिक भीड़ होने की जानकारी दी थी। परिजनों के मुताबिक, इसके कुछ समय बाद अरुण की आखिरी लोकेशन उझानी के आसपास मिली। इसके बाद उसका मोबाइल फोन अचानक बंद हो गया। तब से न तो उससे कोई संपर्क हो सका और न ही उसके बारे में कोई जानकारी मिल पाई है।
मामा के घर नहीं पहुंचा, परिवार में मचा कोहराम
जब देर रात तक अरुण का कोई पता नहीं चला तो परिजनों ने उसकी तलाश शुरू की। मामा के घर फोन कर जानकारी ली गई, लेकिन पता चला कि वह वहां पहुंचा ही नहीं था। इसके बाद परिवार की चिंता और बढ़ गई। अरुण और वरुण दो ही भाई हैं तथा उनके माता-पिता का पहले ही निधन हो चुका है। ऐसे में बड़े भाई पर पूरे परिवार की जिम्मेदारी है और छोटे भाई के लापता होने से घर में कोहराम मचा हुआ है।
पुलिस पर गंभीर आरोप, जांच जारी
अरुण के बड़े भाई वरुण सक्सेना ने 19 जून को सुभाषनगर थाने में गुमशुदगी दर्ज कराई। उनका आरोप है कि पुलिस मामले को गंभीरता से नहीं ले रही है। उनका कहना है कि अभी तक अरुण के मोबाइल नंबर को सर्विलांस पर नहीं लगाया गया है, जिससे उसकी तलाश में देरी हो रही है और परिवार की चिंता लगातार बढ़ती जा रही है। वहीं, सुभाषनगर पुलिस का कहना है कि गुमशुदगी दर्ज कर ली गई है और छात्र की तलाश के लिए आवश्यक कार्रवाई की जा रही है। पुलिस विभिन्न पहलुओं पर जांच कर रही है, लेकिन अभी तक लापता युवक का कोई सुराग हाथ नहीं लग सका है।