bareillyकन्हैया गुलाटी

बरेली। सैकड़ों लोगों की गाढ़ी कमाई हड़पकर फरार हुए कथित महाठग कन्हैया लाल गुलाटी पर आखिरकार पुलिस ने बड़ा शिकंजा कस दिया है। करीब 800 करोड़ रुपये की ठगी के आरोपों से घिरे कन्हैया गुलाटी की गिरफ्तारी पर अब एसएसपी अनुराग आर्य ने 25 हजार का इनाम घोषित कर दिया है। लंबे समय से फरार चल रहे गुलाटी की तलाश में पुलिस की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

कैनबिज इंडस्ट्रीज लिमिटेड का सीईओ कन्हैया लाल गुलाटी लोगों को निवेश और प्लॉट दिलाने के नाम पर जाल में फंसाता था। वह निवेशकों को 20 महीने तक हर माह पांच प्रतिशत ब्याज और 22 महीने बाद पूरी मूल धनराशि लौटाने का लालच देता था। शुरुआत में कुछ लोगों को भुगतान कर उसने भरोसा जीता, लेकिन बाद में करोड़ों रुपये समेटकर गायब हो गया।

19 मुकदमे सिर्फ बारादरी थाने में दर्ज

9 दिसंबर 2025 को उज्जवल महानगर निवासी अंजू गुप्ता की तहरीर पर कन्हैया गुलाटी के खिलाफ प्लॉट दिलाने के नाम पर धोखाधड़ी कर धनराशि हड़पने का मुकदमा दर्ज किया गया था। इसके दो दिन बाद शाहजहांपुर निवासी प्रिंस गुप्ता ने भी इसी तरह की शिकायत दर्ज कराई। जांच में सामने आया कि आरोपी के खिलाफ केवल बारादरी थाने में ही 19 मुकदमे दर्ज हैं, जो विभिन्न न्यायालयों में विचाराधीन हैं। गंभीर आर्थिक अपराधों में वांछित कन्हैया गुलाटी के खिलाफ एसीजेएम-02 न्यायालय से गैर जमानती वारंट भी जारी हो चुका है। इसके बावजूद आरोपी पुलिस की पकड़ से बाहर है। उसके संभावित ठिकानों पर लगातार छापेमारी की जा रही है और आर्थिक लेन-देन से जुड़े दस्तावेजों की भी पड़ताल की जा रही है।

SIT भी तलाश में जुटी, अब इनामी घोषित

मामले की गंभीरता को देखते हुए पहले ही एसपी ट्रैफिक अकमल खान के नेतृत्व में एसआईटी गठित की जा चुकी है। अब इनाम घोषित होने के बाद आरोपी की गिरफ्तारी के लिए अभियान और तेज कर दिया गया है। इनाम की घोषणा से आरोपी के बारे में महत्वपूर्ण सूचना मिलने की संभावना बढ़ेगी। पुलिस ने आम जनता से अपील की है कि यदि किसी व्यक्ति को कन्हैया लाल गुलाटी के संबंध में कोई जानकारी हो तो वह तत्काल पुलिस को सूचित करे। सूचना देने वाले का नाम पूरी तरह गोपनीय रखा जाएगा।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *