बरेली। मुख्यमंत्री के संभावित दौरे से पहले शहर की सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाने के लिए नगर निगम ने सख्त अभियान छेड़ दिया है। सोमवार को निगम की टीम ने पटेल चौक से चौपला रोड तक बुलडोजर और प्रवर्तन दल के साथ व्यापक कार्रवाई करते हुए सड़क किनारे किए गए अवैध कब्जों पर प्रहार किया। अभियान के दौरान अस्थायी ढांचे, टीनशेड, होर्डिंग, ठेले और अन्य बाधाओं को हटाया गया। कार्रवाई के दौरान 17 हजार रुपये का जुर्माना भी वसूला गया।
नगर निगम की कार्रवाई शुरू होते ही पूरे इलाके में हड़कंप मच गया। कई दुकानदारों और अतिक्रमणकारियों ने अपने स्तर पर सामान हटाना शुरू कर दिया, जबकि कुछ लोगों ने विरोध जताने की कोशिश की। निगम की टीम ने सड़क और फुटपाथ पर किए गए कब्जों को हटाते हुए कई स्थानों से सामान जब्त भी किया। अतिक्रमण दस्ता प्रभारी सच्चिदानंद सिंह ने बताया कि मुख्य मार्गों पर अतिक्रमण के कारण यातायात व्यवस्था प्रभावित होती है और आम लोगों को रोजाना परेशानी झेलनी पड़ती है। मुख्यमंत्री के संभावित आगमन को देखते हुए शहर की प्रमुख सड़कों को व्यवस्थित, साफ-सुथरा और अतिक्रमण मुक्त बनाने के निर्देश दिए गए हैं। इसी क्रम में यह विशेष अभियान चलाया गया।
सामान जब्त होते ही भड़के कब्जेदार
अभियान के दौरान जब निगम कर्मियों ने सड़क किनारे रखे सामान और अस्थायी ढांचे हटाने शुरू किए तो कुछ दुकानदारों और कब्जेदारों ने विरोध जताया। सामान जब्त किए जाने को लेकर निगम टीम और अतिक्रमणकारियों के बीच काफी देर तक कहासुनी और नोकझोंक होती रही। हालांकि प्रवर्तन दल की मौजूदगी के चलते स्थिति नियंत्रण में रही और अभियान बिना रुके जारी रखा गया।
दोबारा कब्जा किया तो होगी और सख्त कार्रवाई
नगर निगम अधिकारियों ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि हटाए गए स्थानों पर दोबारा अतिक्रमण करने वालों के खिलाफ और कड़ी कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना बढ़ाने के साथ-साथ सामान जब्ती और कानूनी कार्रवाई भी की जा सकती है। अधिकारियों का कहना है कि शहर की प्रमुख सड़कों को सुगम, सुरक्षित और यातायात के अनुकूल बनाने के लिए यह अभियान लगातार जारी रहेगा।
सीएम दौरे की तैयारी में सड़कों की सर्जरी
नगर निगम का यह अभियान मुख्यमंत्री के संभावित दौरे की तैयारियों का हिस्सा माना जा रहा है। प्रशासन चाहता है कि प्रमुख मार्ग पूरी तरह अतिक्रमण मुक्त रहें ताकि यातायात व्यवस्था सुचारु रहे और शहर की बेहतर तस्वीर सामने आए। इसी वजह से आने वाले दिनों में अन्य प्रमुख मार्गों पर भी इसी तरह की कार्रवाई तेज किए जाने की तैयारी है।