फतेहपुर। जिले के बिंदकी क्षेत्र से एक दर्दनाक घटना सामने आई है, जहां शादी से महज दो दिन पहले एक युवती ने कथित तौर पर जहर खाकर अपनी जान दे दी। जिस घर में शादी की तैयारियां चल रही थीं और जहां से बेटी की डोली उठनी थी, वहां उसकी अर्थी उठने से परिवार में कोहराम मच गया।
मोबाइल पर बात करते देख भाई ने जताई नाराजगी
जानकारी के अनुसार बिंदकी कोतवाली क्षेत्र के एक मोहल्ला निवासी युवती की शादी जाफरगंज थाना क्षेत्र के एक गांव में तय थी। 21 जून को बारात आनी थी और घर में विवाह की तैयारियां चल रही थीं। गुरुवार शाम युवती मोबाइल पर किसी से बात कर रही थी। इसी दौरान उसका भाई वहां पहुंच गया और उसने मोबाइल फोन छीन लिया। इस बात को लेकर दोनों के बीच विवाद हो गया।
विवाद से आहत होकर खाया जहरीला पदार्थ
परिजनों के अनुसार भाई से कहासुनी के बाद युवती काफी परेशान हो गई। आरोप है कि उसने आहत होकर जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बिंदकी लेकर पहुंचे, जहां प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उसे कानपुर रेफर कर दिया।
हालत बिगड़ी और हो गई मौत
बताया जा रहा है कि बाद में परिजन युवती को वापस घर ले आए थे। शुक्रवार को अचानक उसकी तबीयत फिर बिगड़ गई। परिजन उसे बचाने का प्रयास करते रहे, लेकिन उसकी मौत हो गई। युवती की मौत से शादी वाले घर में मातम पसर गया।
बिना पुलिस को सूचना दिए किया अंतिम संस्कार
मामले में बताया गया है कि परिजनों ने पुलिस को सूचना दिए बिना ही शव का अंतिम संस्कार कर दिया। घटना के बाद पूरे गांव में शोक का माहौल है और लोग इस दर्दनाक हादसे की चर्चा कर रहे हैं।
पुलिस बोली- नहीं मिली कोई शिकायत
बिंदकी कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राजेंद्र सिंह भदौरिया ने बताया कि उन्हें इस तरह की किसी घटना की जानकारी नहीं है। साथ ही मामले में अब तक किसी भी पक्ष की ओर से कोई शिकायत या तहरीर नहीं दी गई है।