बरेली। फरीदपुर क्षेत्र में संपत्ति के बंटवारे को लेकर शुरू हुआ पारिवारिक विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। जमीन के बंटवारे और बिक्री को लेकर हुए झगड़े में बेटे और बहू ने मिलकर 60 वर्षीय किसान पर जानलेवा हमला कर दिया। गंभीर रूप से घायल किसान की पांच दिन तक जिंदगी और मौत के बीच जंग लड़ने के बाद उपचार के दौरान मौत हो गई। घटना के बाद से आरोपी बेटा-बहू फरार हैं। पुलिस ने अब मारपीट के मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम कर आरोपियों की तलाश तेज कर दी है।
फरीदपुर थाना क्षेत्र के ढकनी गांव निवासी 60 वर्षीय डालचंद्र राठौर उर्फ डोरीलाल के परिवार में संपत्ति के बंटवारे को लेकर लंबे समय से विवाद चल रहा था। सोमवार को इसी बात को लेकर घर में फिर कहासुनी शुरू हो गई। आरोप है कि बेटा गोपी और उसकी पत्नी ज्ञान देवी जमीन बेचने का दबाव बना रहे थे। विरोध करने पर विवाद बढ़ गया और दोनों ने डालचंद्र की पत्नी पुष्पा के साथ मारपीट शुरू कर दी।
सिर पर हॉकी से किये ताबड़तोड़ वार
पत्नी को पिटता देख डालचंद्र बीच-बचाव के लिए पहुंचे तो गुस्साए बेटा-बहू उन पर टूट पड़े। आरोप है कि दोनों ने मिलकर उन्हें पकड़ लिया और हॉकी व धारदार हथियार से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में उनके सिर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि पैर भी फ्रैक्चर हो गया। लहूलुहान होकर वह मौके पर ही अचेत होकर गिर पड़े।
आरोपी बेटा-बहू घर छोड़कर फरार
घटना के बाद आरोपी बेटा-बहू घर छोड़कर फरार हो गए। परिजनों ने गंभीर हालत में डालचंद्र को अस्पताल में भर्ती कराया, जहां पांच दिन तक उपचार चलने के बाद शुक्रवार दोपहर उनकी मौत हो गई। चिकित्सकों की सूचना पर पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। सीओ संदीप सिंह ने बताया कि गोपी और ज्ञान देवी के खिलाफ पहले से दर्ज मारपीट के मुकदमे में अब हत्या की धाराएं बढ़ा दी गई हैं। आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस टीम गठित कर दी गई है और जल्द ही दोनों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।