Social Sharing icon

लखनऊ। उत्तर प्रदेश सरकार में मंत्री और सुहेलदेव भारतीय समाज पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष ओम प्रकाश राजभर ने अपने संघर्ष के दिनों का ऐसा किस्सा सुनाया, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। उन्होंने बताया कि एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर के थप्पड़ ने उनकी जिंदगी की दिशा बदल दी और उसी दिन उन्होंने ठान लिया था कि एक दिन ऐसा मुकाम हासिल करेंगे, जब वही पुलिस अधिकारी उन्हें सैल्यूट करेगा।

दरअसल, समाजवादी पार्टी की ओर से हाल ही में एक वीडियो वायरल किया गया था, जिसमें ओपी राजभर ऑटो रिक्शा चलाते नजर आए थे। इसके बाद राजभर ने खुद स्वीकार किया कि राजनीति में आने से पहले वह ऑटो चलाकर अपना खर्च चलाते थे। इसी दौरान उन्होंने अपने संघर्ष और राजनीति में आने की कहानी साझा की।

रात में ऑटो, दिन में पढ़ाई

ओपी राजभर ने बताया कि आर्थिक स्थिति बेहद कमजोर थी। वह रात में ऑटो रिक्शा चलाते थे और दिन में पढ़ाई करते थे। एक दिन बनारस में उनका ऑटो ओवरलोड था। तीन सवारी की जगह पांच लोग बैठे थे। तभी एक ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने उन्हें रोक लिया। राजभर के मुताबिक, वह पहले निकलने की कोशिश करने लगे, लेकिन ट्रैफिक इंस्पेक्टर ने पीछा कर पकड़ लिया और दो-तीन थप्पड़ मार दिए। उन्होंने अधिकारी से अपनी मजबूरी बताई कि ज्यादा सवारी बैठाकर कुछ अतिरिक्त पैसे कमा लेते हैं ताकि पढ़ाई जारी रख सकें।

एक दिन सैल्यूट जरूर करवाऊंगा

राजभर ने बताया कि उस घटना ने उन्हें भीतर तक झकझोर दिया। पुलिस लाइन से लौटते समय उन्होंने मन में संकल्प लिया कि एक दिन ऐसा मुकाम हासिल करेंगे, जब यही सिस्टम उन्हें सम्मान देगा। उन्होंने कहा, “मैंने उसी दिन ठान लिया था कि एक दिन इनसे सैल्यूट जरूर करवाऊंगा।”

कांशीराम से मुलाकात ने बदली जिंदगी

ओपी राजभर ने बताया कि कुछ समय बाद उनकी मुलाकात बहुजन आंदोलन के नेता कांशीराम से हुई। कांशीराम ने उन्हें राजनीति की समझ दी, संघर्ष का रास्ता दिखाया और नेतृत्व करना सिखाया। उसी सीख और मेहनत के दम पर वह आगे बढ़ते गए और आखिरकार 2017 में मंत्री बने।

रिटायर TI से मिलने पहुंचे मंत्री

मंत्री बनने के बाद ओपी राजभर ने उस ट्रैफिक इंस्पेक्टर को खोजने की ठानी। जानकारी जुटाने पर पता चला कि अधिकारी रिटायर होकर प्रयागराज में रह रहे हैं। इसके बाद राजभर खुद उनके घर पहुंचे। उन्होंने बताया कि जब वह वहां पहुंचे तो पहले उस अधिकारी को सैल्यूट किया। इसके बाद अधिकारी ने भी उन्हें सैल्यूट किया। राजभर ने मुस्कुराते हुए कहा, “अगर उस दिन आपने मुझे थप्पड़ न मारा होता, तो शायद मैं मंत्री न बनता।”

सोशल मीडिया पर वायरल हुआ वीडियो

ओपी राजभर का यह बयान अब सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। लोग इसे संघर्ष, आत्मसम्मान और मेहनत की मिसाल बता रहे हैं। कई लोगों ने इसे जिंदगी में मुश्किल हालात से लड़ने की प्रेरणादायक कहानी बताया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *