मेरठ। पश्चिमी उत्तर प्रदेश का कुख्यात गैंगस्टर उधम सिंह करनावल एक बार फिर पुलिस और एसटीएफ के लिए बड़ी चुनौती बन गया है। फर्जी दस्तावेजों के जरिए जमानत हासिल करने का मामला सामने आने के बाद मेरठ पुलिस ने उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित कर दिया है। अब इनाम बढ़ाकर एक लाख रुपये करने की तैयारी चल रही है। पुलिस को आशंका है कि गैंगस्टर नेपाल भाग चुका है।
फर्जी जमानत के खुलासे से मचा हड़कंप
उधम सिंह 26 मार्च 2026 को उन्नाव जेल से करीब चार साल आठ महीने बाद जमानत पर बाहर आया था। लेकिन कुछ ही दिनों बाद जांच में बड़ा खुलासा हुआ। जिन दो लोगों को उसका जमानती दिखाया गया था, उन्होंने कोर्ट में हलफनामा देकर कहा कि उन्होंने कभी उसकी जमानत नहीं ली। सरूरपुर निवासी अनवर और बागपत के राहुल ने आरोप लगाया कि लोन दिलाने के नाम पर उनके आधार कार्ड, पैन कार्ड और हस्ताक्षर लिए गए थे, जिनका बाद में दुरुपयोग कर जमानत कराई गई। मामला सामने आते ही कोर्ट ने जमानत रद्द कर गैर-जमानती वारंट जारी कर दिया।
मेरठ से नेपाल तक तलाश, एसटीएफ भी एक्टिव
मेरठ पुलिस और एसटीएफ की कई टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। यूपी, दिल्ली और उत्तराखंड में उसके संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस सूत्रों के मुताबिक उधम सिंह देहरादून से नेपाल भाग गया है। बताया जा रहा है कि उसकी दूसरी पत्नी गीतांजलि काठमांडू में रहती है और वहीं उसके छिपे होने की आशंका जताई जा रही है। सोशल मीडिया पर काठमांडू और चंडीगढ़ के कुछ वीडियो भी वायरल हो रहे हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
71 से ज्यादा मुकदमे, गैंगवार से रंगदारी तक आरोप
उधम सिंह करनावल पश्चिमी यूपी के D-50 गैंग का सरगना बताया जाता है। उसके खिलाफ हत्या, रंगदारी, लूट, डकैती और गैंगवार समेत 71 से अधिक मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस रिकॉर्ड के मुताबिक वह लंबे समय तक जेल में रहते हुए भी गैंग ऑपरेट करता रहा। 2021 में रिहाई के बाद भी उस पर बैंक अधिकारी से रंगदारी मांगने का आरोप लगा था। उस पर रासुका तक लग चुकी है।
पुराने वीडियो भी वायरल
मामले के बीच सोशल मीडिया पर एक पुराना वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें उधम सिंह तत्कालीन सीओ के साथ दिखाई दे रहा है। वीडियो को लेकर भी चर्चा तेज हो गई है। हालांकि पुलिस का कहना है कि फिलहाल प्राथमिकता गैंगस्टर की गिरफ्तारी है। अधिकारियों का दावा है कि जल्द ही आरोपी को पकड़ लिया जाएगा और फर्जी जमानत प्रकरण में शामिल अन्य लोगों पर भी कार्रवाई होगी।