कानपुर। कानपुर के महाराजपुर इलाके में गुरुवार सुबह उस वक्त अफरा-तफरी मच गई जब जमीन विवाद से परेशान एक युवती मोबाइल टावर पर चढ़ गई। करीब तीन घंटे तक चले हाईवोल्टेज ड्रामे के दौरान युवती टावर की ऊंचाई से लगातार न्याय की गुहार लगाती रही। सूचना मिलते ही पुलिस, फायर ब्रिगेड और भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए।
जमीन कब्जाने और फर्जी मुकदमों का आरोप
फतेहपुर जिले के मिराई गांव निवासी 23 वर्षीय रानी का आरोप है कि गांव के कुछ लोगों ने उसकी पुश्तैनी जमीन पर कब्जा कर लिया है। विरोध करने पर परिवार के खिलाफ फर्जी मुकदमे दर्ज करा दिए गए। युवती का कहना है कि आर्थिक हालत खराब होने की वजह से वह मुकदमों की पैरवी भी नहीं कर पा रही है। इसी से परेशान होकर वह सुबह पुरवामीर क्षेत्र स्थित मोबाइल टावर पर चढ़ गई।
टावर से किया लाइव वीडियो, सीएम से लगाई गुहार
टावर पर चढ़ी युवती ने सोशल मीडिया पर लाइव वीडियो भी बनाया। वीडियो में वह बेहद भावुक नजर आई और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से मदद की अपील करती दिखाई दी। युवती ने कहा कि उसकी जमीन बचाई जाए और परिवार को न्याय दिलाया जाए। कुछ ही देर में वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया।
तीन घंटे तक चला हाईवोल्टेज ड्रामा
घटना की जानकारी मिलते ही एसीपी चकेरी अभिषेक कुमार पांडेय पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फायर ब्रिगेड की टीम को भी बुलाया गया। पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाने की कोशिश की। करीब तीन घंटे की मशक्कत के बाद युवती सुरक्षित नीचे उतर आई। इसके बाद पुलिस ने उसे परिजनों के सुपुर्द कर दिया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि जमीन विवाद से जुड़ी शिकायत की जांच की जा रही है। फिलहाल इलाके में शांति व्यवस्था कायम है।