Social Sharing icon

संभल। संभल जिले में बुधवार देर रात पुलिस चेकिंग के दौरान उस समय हड़कंप मच गया जब दुष्कर्म के मामले में फरार चल रहे आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी के पैर में गोली लगी, जिसके बाद पुलिस ने उसे दबोच लिया। मौके से अवैध तमंचा और बिना नंबर प्लेट की बाइक भी बरामद हुई है।

चेकिंग के दौरान पुलिस को देखकर भागा आरोपी

घटना चंदौसी कोतवाली क्षेत्र के चंदौसी टी प्वाइंट की है। पुलिस टीम देर रात संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बहजोई की तरफ से आ रहा एक बाइक सवार पुलिस को देखकर अचानक मुड़कर भागने लगा। संदेह होने पर पुलिस ने पीछा शुरू किया। आरोपी इस्लामनगर लिंक रोड की तरफ भागा, लेकिन कुछ दूरी पर पहुंचते ही उसने बाइक रोककर पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। अचानक हुई गोलीबारी से इलाके में अफरा-तफरी मच गई।

जवाबी फायरिंग में पैर में लगी गोली

पुलिस ने भी जवाबी कार्रवाई की। फायरिंग के दौरान आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी और वह सड़क पर गिर पड़ा। पुलिस ने मौके पर ही उसे हिरासत में ले लिया। घायल आरोपी की पहचान नसीम पुत्र जमील अहमद निवासी गोलागंज, चंदौसी के रूप में हुई। पुलिस के मुताबिक आरोपी 60 वर्षीय महिला से दुष्कर्म के मामले में नामजद था और काफी समय से फरार चल रहा था।

तमंचा, कारतूस और बाइक बरामद

मुठभेड़ के बाद पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, एक जिंदा कारतूस, एक खोखा कारतूस और बिना नंबर प्लेट की मोटरसाइकिल बरामद की। घटना की सूचना मिलते ही एएसपी दक्षिणी कुलदीप सिंह और सीओ दीपक तिवारी मौके पर पहुंचे और पूरे घटनाक्रम की जानकारी ली। घायल आरोपी को इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

अन्य आरोपियों की तलाश में दबिश

पुलिस का कहना है कि मामले में अन्य लोगों की भूमिका की भी जांच की जा रही है। फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमों को लगाया गया है। अधिकारियों ने कहा कि जिले में लगातार चेकिंग अभियान चलाया जा रहा है और गंभीर अपराधों में शामिल आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *