गोंडा। उत्तर प्रदेश के गोंडा जिले में सोशल मीडिया से शुरू हुई एक प्रेम कहानी का ऐसा खुलासा हुआ कि पूरा गांव हैरान रह गया। पति के अस्पताल में भर्ती रहने के दौरान विवाहिता ने अपने इंस्टाग्राम प्रेमी को घर बुला लिया, लेकिन बच्चों के क्रिकेट मैच ने दोनों का राज सबके सामने खोल दिया। अंधेरे कमरे में छिपे युवक को देखकर बच्चों ने ‘भूत-भूत’ चिल्लाना शुरू कर दिया। देखते ही देखते गांव वाले मौके पर पहुंच गए और युवक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया।
इंस्टाग्राम चैट से शुरू हुआ प्रेम संबंध
मामला धानेपुर थाना क्षेत्र के बाबूराम पुरवा गांव का है। बताया जा रहा है कि विवाहिता के पति की तबीयत खराब थी और वह कई दिनों से अस्पताल में भर्ती था। इसी दौरान महिला की इंस्टाग्राम पर बस्ती जिले के एक युवक से बातचीत शुरू हुई। करीब एक महीने में दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ गईं और बातचीत प्रेम संबंध में बदल गई। मंगलवार को महिला ने युवक को अपने घर बुला लिया। युवक पिछले दो दिनों से गांव में ही मौजूद था और वापस लौटने की तैयारी कर रहा था।
क्रिकेट खेलते बच्चों ने खोल दी पोल
दोपहर में मोहल्ले के कुछ बच्चे घर के बाहर क्रिकेट खेल रहे थे। खेलते-खेलते गेंद महिला के घर के अंदर चली गई। बच्चे गेंद लेने के लिए घर में पहुंचे तो अंदर अंधेरा था। इसी दौरान कमरे में छिपे युवक ने खुद को बचाने की कोशिश की। अचानक हुई हलचल देखकर बच्चे घबरा गए और बाहर निकलकर ‘भूत-भूत’ चिल्लाने लगे। बच्चों की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। गांव वालों ने घर की तलाशी शुरू की तो युवक बेड के नीचे छिपा मिला। इसके बाद लोगों ने उसे बाहर निकालकर पूछताछ की। युवक ने महिला से मिलने की बात कबूल कर ली।
अस्पताल से लौटा पति, गांव में जुट गई भीड़
घटना की खबर फैलते ही गांव में भारी भीड़ जमा हो गई। इसी बीच अस्पताल से महिला का पति भी घर पहुंच गया। पूरे घटनाक्रम के बाद माहौल तनावपूर्ण हो गया। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को हिरासत में लेकर थाने चली गई। उधर, महिला की मां भी ससुराल पहुंची और बेटी को अपने साथ मायके ले गई।
पुलिस ने शांति भंग में किया चालान
धानेपुर थाना प्रभारी अरविंद कुमार यादव ने बताया कि युवक के खिलाफ शांति भंग की कार्रवाई की गई है। मामले में फिलहाल किसी पक्ष की ओर से कोई तहरीर नहीं दी गई है। घटना के बाद गांव में दिनभर इसी मामले की चर्चा होती रही। सोशल मीडिया से शुरू हुआ यह रिश्ता अब पूरे इलाके में चर्चा और चटकारों का विषय बन गया है।