लखनऊ/बांदा। उत्तर प्रदेश में भीषण गर्मी ने लोगों का जीना मुहाल कर दिया है। बुंदेलखंड इस समय आग की भट्टी में तब्दील हो चुका है। बांदा में पारा 48.2 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया, जो प्रदेश में सबसे अधिक दर्ज किया गया। झांसी, आगरा और हमीरपुर में भी तापमान 46 डिग्री के पार पहुंचने से सड़कों पर सन्नाटा पसरा दिखाई दिया। मौसम विभाग ने 20 और 21 मई के लिए ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी करते हुए हीटवेव की चेतावनी दी है।
तेज धूप और गर्म हवाओं ने सुबह से ही लोगों को घरों में कैद कर दिया। दोपहर होते-होते सड़कें खाली नजर आने लगीं। कई जिलों में लोग सिर ढककर और पानी की बोतल लेकर निकलते दिखाई दिए। डॉक्टरों ने भी बच्चों और बुजुर्गों को दोपहर में बाहर न निकलने की सलाह दी है।
बांदा में 48.2°C, लोग बोले- ऐसा तापमान पहले नहीं देखा
प्रदेश में सबसे ज्यादा तापमान बांदा में 48.2 डिग्री रिकॉर्ड किया गया। गर्म हवाओं के थपेड़ों ने हालात और खराब कर दिए। लोगों का कहना है कि दोपहर में बाहर निकलना मुश्किल हो गया है। घरों की दीवारें तक तपने लगी हैं। बिजली की बढ़ती खपत के कारण कई इलाकों में कटौती की शिकायतें भी सामने आईं।
झांसी-आगरा-हमीरपुर में भी आग उगल रहा मौसम
मौसम विभाग के मुताबिक झांसी और आगरा का तापमान 46.5 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जबकि हमीरपुर में 46.2 डिग्री और प्रयागराज में 45.8 डिग्री तापमान रिकॉर्ड हुआ। कानपुर एयरफोर्स स्टेशन का तापमान भी 44.8 डिग्री तक पहुंच गया। बरेली, अलीगढ़, लखनऊ, मेरठ, शाहजहांपुर, वाराणसी, मथुरा, बुलंदशहर और गौतमबुद्धनगर समेत 28 जिलों का अधिकतम तापमान 40 डिग्री से ऊपर दर्ज किया गया।
मौसम विभाग का ऑरेंज अलर्ट, हीटवेव से सावधान रहने की सलाह
मौसम विभाग ने बुंदेलखंड और मध्य यूपी के कई जिलों में अगले दो दिनों तक लू चलने का अलर्ट जारी किया है। विभाग ने चेतावनी दी है कि तापमान 40 से 50 डिग्री के बीच रह सकता है। विशेषज्ञों ने लोगों को धूप में निकलने से बचने, ज्यादा पानी पीने, हल्के कपड़े पहनने और बच्चों-बुजुर्गों का विशेष ध्यान रखने की सलाह दी है। स्वास्थ्य विभाग ने भी हीट स्ट्रोक के खतरे को देखते हुए अस्पतालों को अलर्ट मोड पर रखा है। डॉक्टरों का कहना है कि चक्कर आना, उल्टी, सिर दर्द और तेज बुखार जैसी स्थिति होने पर तुरंत चिकित्सकीय सहायता लें।
लोगों को राहत का इंतजार
भीषण गर्मी के बीच लोगों को अब बारिश या आंधी का इंतजार है। हालांकि मौसम विभाग ने फिलहाल अगले कुछ दिनों तक राहत मिलने के संकेत नहीं दिए हैं। ऐसे में उत्तर प्रदेश में गर्मी का कहर अभी और बढ़ने की आशंका जताई जा रही है।