Social Sharing icon

चंदौली। बलुआ थाना क्षेत्र में गंगा नदी से रविवार को एक युवक का शव बरामद होने से इलाके में सनसनी फैल गई। युवक तीन दिन पहले पुल से नदी में कूद गया था। काफी तलाश के बाद उसका शव महुअरकला गांव के पास नदी में उतराता मिला। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था युवक

जानकारी के मुताबिक वाराणसी के चोलापुर थाना क्षेत्र के उदयपुर गांव निवासी 25 वर्षीय रामप्रसाद राजभर शुक्रवार रात घर से बाजार जाने की बात कहकर निकला था। बताया जा रहा है कि वह बाइक से चंदौली के बलुआ इलाके तक पहुंचा और पक्का पुल पर बाइक खड़ी कर गंगा नदी में छलांग लगा दी।

राहगीरों ने पुलिस को दी थी सूचना

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार युवक को नदी में कूदते देख आसपास मौजूद लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची पुलिस को पुल पर युवक की बाइक और पर्स मिला। इसके बाद गोताखोरों की मदद से लगातार तलाश अभियान चलाया गया, लेकिन शुरुआती दो दिनों तक कोई सफलता नहीं मिली।

कपड़ों से हुई पहचान

रविवार को महुअरकला गांव के पास नदी में एक शव उतराता दिखाई दिया। पुलिस ने कपड़ों और अन्य सामान के आधार पर उसकी पहचान रामप्रसाद राजभर के रूप में की। युवक पेशे से ट्रक मैकेनिक बताया जा रहा है। सूचना मिलने के बाद परिवार के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

पुलिस कर रही मामले की जांच

पुलिस सूत्रों के अनुसार युवक के पर्स से एक पत्र भी मिला था, जिसमें किसी लड़की का जिक्र होने की बात सामने आई है। हालांकि परिवार ने इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *