Social Sharing icon

हमीरपुर। उत्तर प्रदेश के हमीरपुर जिले में रविवार दोपहर दर्दनाक सड़क हादसे ने चार जिंदगियां छीन लीं। मौदहा कोतवाली क्षेत्र में नेशनल हाईवे-34 पर छिरका गांव के पास तेज रफ्तार वैगनआर कार सामने से आ रहे ट्रक से टकरा गई। हादसा इतना भीषण था कि कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार लोग अंदर ही फंस गए। घटना के बाद हाईवे पर अफरा-तफरी और चीख-पुकार मच गई।

बागेश्वर धाम से लौट रहा था परिवार

जानकारी के अनुसार कार सवार सभी लोग मध्य प्रदेश स्थित बागेश्वर धाम से दर्शन कर कानपुर लौट रहे थे। कार में पांच लोग सवार थे। हादसे में नरेंद्र, राजकपूर, मीना और ड्राइवर आयुष चौहान की मौत हो गई, जबकि रेखा गंभीर रूप से घायल हो गईं। घायल महिला को बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया है।

ओवरटेक के दौरान हुआ दर्दनाक हादसा

पुलिस के मुताबिक हादसा ओवरटेक के दौरान हुआ। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि कार काफी तेज रफ्तार में थी और सामने से आ रहे ट्रक से उसकी आमने-सामने टक्कर हो गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि कार के एयरबैग खुलने के बावजूद अंदर बैठे लोगों की जान नहीं बच सकी।

राहगीरों ने शुरू कराया रेस्क्यू

हादसे के बाद आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस और एंबुलेंस को सूचना दी। काफी मशक्कत के बाद कार में फंसे लोगों को बाहर निकाला गया। मौके पर पहुंची पुलिस ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने चार लोगों को मृत घोषित कर दिया।

पुलिस ने शुरू की जांच

पुलिस अधिकारियों के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी गई है। हाईवे पर कुछ देर यातायात प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कराया गया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *