Social Sharing icon

अमरोहा। अमरोहा देहात थाना पुलिस, एसओजी और सर्विलांस टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए महिला से कुण्डल और नकदी लूटने वाले दो शातिर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से लूटे गए कुण्डल, अवैध तमंचे, कारतूस और वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी कई जिलों में आपराधिक घटनाओं में शामिल रहे हैं।

सीसीटीवी फुटेज से मिला बड़ा सुराग

पुलिस को ऑपरेशन दृष्टि के तहत लगाए गए सीसीटीवी कैमरों से अहम सुराग मिला। फुटेज के आधार पर संदिग्धों की पहचान की गई और जोया रोड स्थित ग्रीन फ्रील्ड कॉलोनी गेट के पास घेराबंदी कर दोनों को पकड़ लिया गया। पुलिस काफी समय से आरोपियों की तलाश कर रही थी।

सुबह टहलने वाली महिलाओं को बनाते थे निशाना

पूछताछ में आरोपियों ने बताया कि 9 मई को उन्होंने जोया रोड स्थित गैस एजेंसी के पास एक महिला से कुण्डल और नकदी लूटी थी। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी सुबह टहलने निकलने वाली महिलाओं को निशाना बनाकर छीना-झपटी की वारदात को अंजाम देते थे।

तमंचे, कारतूस और बाइक बरामद

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान पप्पू उर्फ फौजी और अमन उर्फ शहजाद के रूप में हुई है। पुलिस ने उनके कब्जे से दो अवैध तमंचे 315 बोर, जिंदा कारतूस, एक सुपर स्प्लेंडर बाइक, मोबाइल फोन और संदिग्ध सामान से भरा बैग बरामद किया है।

कई जिलों में दर्ज हैं गंभीर मुकदमे

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार दोनों आरोपियों पर अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, बिजनौर और मुजफ्फरनगर समेत कई जिलों में लूट, हत्या, गैंगस्टर एक्ट और आर्म्स एक्ट के मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस अब गैंग से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी हुई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed