बरेली। कांवड़ यात्रा और उर्स-ए-रजवी में चप्पे-चप्पे पर पुलिस का पहरा रहेगा। अगर किसी ने भी खुराफात करने की कोशिश की तो वह तुरंत ही पुलिस के शिकंजे में फंस जाएगा। इसके लिए एसपी सिटी ने मेगा प्लान बनाया है। उन्होंने पुलिसकर्मियों को भीड़भाड़ वाले बाजारों, कांवड़ मार्गों, धार्मिक स्थलों और संवेदनशील इलाकों में पुलिस का पहरा बढ़ाने के साथ सड़कों पर गश्त तेज करने के निर्देश दिए है।
एसपी सिटी मानुष पारीक ने शुक्रवार को नगर प्रथम और नगर द्वितीय सर्किल के सभी थाना प्रभारियों और चौकी इंचार्जों की बैठक की। उन्होंने साफ निर्देश दिया कि सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। बैठक में कांवड़ यात्रा और उर्स के दौरान कानून-व्यवस्था बनाए रखने की रणनीति पर विस्तार से चर्चा हुई।

यह भी पढ़ें : कांवड़ियों को भंड़ारा कराएगा बीडीए, पुष्प वर्षा से किया जाएगा स्वागत
मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता के निर्देश
एसपी सिटी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कांवड़ मार्ग, प्रमुख शिवालय, दरगाह क्षेत्र, बाजारों और भीड़ वाले स्थानों पर लगातार पैदल और वाहन गश्त की जाए। पुलिस का पहरा बढ़ाने पर जोर दिया। खास तौर पर मिश्रित आबादी वाले इलाकों में अतिरिक्त सतर्कता बरतते हुए नियमित फ्लैग मार्च करने के निर्देश दिए गए, ताकि असामाजिक तत्वों पर नजर रखी जा सके और आम लोगों में सुरक्षा का भरोसा बना रहे।
श्रद्धालुओं से सौहार्दपूर्णता से पेश आएगी पुलिस
बैठक में पुलिसकर्मियों को यह भी हिदायत दी गई कि ड्यूटी के दौरान श्रद्धालुओं और आम नागरिकों के साथ शालीन और सहयोगात्मक व्यवहार रखें। जरूरत पड़ने पर उन्हें तत्काल पुलिस सहायता उपलब्ध कराई जाए, ताकि कांवड़ यात्रा और उर्स के दौरान किसी को असुविधा का सामना न करना पड़े।

होटल, धर्मशाला और रेलवे स्टेशन पर चलेगा चेकिंग अभियान
बैठक में होटल, धर्मशाला, लॉज, रेलवे स्टेशन, बस स्टेशन और अन्य सार्वजनिक स्थानों पर सघन चेकिंग अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पुलिसकर्मियों से कहा गया कि पुलिस का पहरा संदिग्ध व्यक्ति या गतिविधि की सूचना मिलते ही तत्काल कार्रवाई करें और बिना देरी किए उच्चाधिकारियों को अवगत कराएं।
पीस कमेटी के साथ रहेगा सीधा संवाद
एसपी सिटी ने थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि पीस कमेटी के सदस्यों, आयोजन समितियों, स्वयंसेवकों और क्षेत्र के सम्मानित लोगों के साथ लगातार संपर्क बनाए रखें। किसी भी अफवाह या विवाद की स्थिति में तुरंत हस्तक्षेप कर माहौल बिगड़ने से पहले हालात पर नियंत्रण किया जाए।

