पुलिसइंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ को भी पद से हटाकर पुलिस लाइंस भेज दिया गया।

बदायूं। गाजियाबाद के चर्चित हत्या कांड के इनामी हत्यारोपी को बचाने के आरोप में बदायूं पुलिस पर बड़ी कार्रवाई हुई है। बिनावर थाने में कथित साठगांठ के खुलासे के बाद हत्यारोपित को हल्की धाराओं में जेल भेजने वाले दारोगा बलवीर सिंह को निलंबित कर दिया गया, जबकि पर्यवेक्षण में लापरवाही पाए जाने पर इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ को हटाकर पुलिस लाइंस भेज दिया गया। इस कार्रवाई से पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया है।

हत्यारोपी को बचाने के पूरे मामले की जांच में सामने आया कि गाजियाबाद से फरार इनामी हत्यारोपित सोनू को मुठभेड़ जैसी सख्त कार्रवाई से बचाने के लिए करीब 15 लाख रुपये की ‘सेटिंग’ का प्रस्ताव तैयार किया गया था।

thana

चर्चा है कि यह प्रस्ताव जिले के चार थानों तक पहुंचा, लेकिन बात नहीं बनी। आखिरकार बिनावर थाने में तैनात दारोगा बलवीर सिंह ने कथित तौर पर आरोपित को बचाने की योजना बनाई और उसे अवैध तमंचा रखने के मुकदमे में गिरफ्तार दिखाकर अदालत में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया।

12 जुलाई की हत्या के बाद बदायूं पहुंचा था आरोपित

बताया गया कि 12 जुलाई को गाजियाबाद में हार्न बजाने के विवाद में बाइक सवार विपिन कुमार की गोली मारकर हत्या कर दी गई थी। वारदात के बाद फरार हुआ मुख्य आरोपित सोनू बदायूं पहुंच गया। आरोप है कि उसने यहां तैनात अपने रिश्तेदार दारोगा, जो उसका मामा बताया जा रहा है, से संपर्क किया। पहले कई थानों में बात हुई, लेकिन अंततः बिनावर थाने में तैनात दारोगा बलवीर सिंह ने उसे बचाने की रणनीति तैयार कर ली।

फर्जी नाम-पते से जेल भेजने का आरोप

हत्यारोपी को बचाने के खेल की जांच के अनुसार, 23 जुलाई को सोनू को अवैध तमंचा रखने के आरोप में गिरफ्तार दिखाया गया। पुलिस ने उसे कथित तौर पर फर्जी नाम और पते के साथ कोर्ट में पेश किया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। इसी दौरान जब गाजियाबाद पुलिस उसकी लोकेशन ट्रेस करते हुए बदायूं पहुंची तो खुलासा हुआ कि आरोपित पहले ही दूसरे नाम से जेल भेजा जा चुका है।

एडीजी तक पहुंचा मामला, जांच में खुली मिलीभगत

हत्यारोपी को बचाने के मामले की जानकारी एडीजी लॉ एंड ऑर्डर तक पहुंचने के बाद उच्चस्तरीय जांच बैठाई गई। शुक्रवार को गाजियाबाद पुलिस कमिश्नर ने भी बदायूं की एसएसपी अंकिता शर्मा को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया। इसके बाद एसएसपी ने एसपी सिटी अभिषेक कुमार सिंह से जांच कराई।

प्रारंभिक जांच में दारोगा की भूमिका संदिग्ध

प्रारंभिक जांच में दारोगा बलवीर सिंह की भूमिका संदिग्ध मिलने और कथित मिलीभगत सामने आने पर उन्हें तत्काल निलंबित कर दिया गया, जबकि इंस्पेक्टर अरिहंत सिद्धार्थ को भी पद से हटाकर पुलिस लाइंस भेज दिया गया।

हत्यारोपी को बचाने की चल रही विस्तृत जांच

अब इस पूरे प्रकरण की विस्तृत जांच जारी है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यदि जांच में अन्य पुलिसकर्मियों की भूमिका भी सामने आती है तो उनके खिलाफ भी सख्त विभागीय और कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *