बरेली। प्यार और शादी के वादे पर भरोसा कर गाजियाबाद की आठ माह की गर्भवती युवती बुधवार को बरेली कलेक्ट्रेट गेट पहुंच गई, लेकिन उसे बुलाने वाला प्रेमी वहां नहीं आया। घंटों इंतजार के बाद युवती का रो-रोकर बुरा हाल हो गया। सूचना मिलने पर कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और उसे अपने संरक्षण में लेकर पूछताछ की।
पीड़िता का आरोप है कि भोजीपुरा क्षेत्र निवासी युवक से उसकी करीब डेढ़ वर्ष पहले जान-पहचान हुई थी। बातचीत के दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध हो गए। युवती का कहना है कि युवक ने शादी का भरोसा देकर उसके साथ शारीरिक संबंध बनाए, जिसके चलते वह गर्भवती हो गई।
वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने और रुपये लेने का आरोप
युवती ने आरोप लगाया कि युवक ने उसकी वीडियो बनाकर उसे ब्लैकमेल किया। इतना ही नहीं, उसने विभिन्न बहानों से उससे रुपये भी लिए। जब उसने शादी करने का दबाव बनाया तो युवक ने अपने वादे से किनारा कर लिया और विरोध करने पर धमकियां देने लगा। पीड़िता के मुताबिक, युवक ने उसे बरेली बुलाकर शादी करने का भरोसा दिया था। इसी उम्मीद में वह गाजियाबाद से बरेली पहुंच गई। तय स्थान कलेक्ट्रेट गेट पर वह काफी देर तक इंतजार करती रही, लेकिन प्रेमी नहीं आया। इंतजार लंबा होने पर युवती भावुक होकर रोने लगी।
कलेक्ट्रेट गेट पर रोती मिली, पुलिस ने संभाला
कलेक्ट्रेट गेट पर युवती को रोता देख लोगों ने पुलिस को सूचना दी। मौके पर पहुंची कोतवाली पुलिस उसे थाने ले गई और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस ने युवती से पूछताछ कर मामले की प्रारंभिक जांच शुरू कर दी। कोतवाली पुलिस के अनुसार, युवती की ओर से आरोपी युवक के खिलाफ पहले ही भोजीपुरा थाने में मुकदमा दर्ज कराया जा चुका है। मामला भोजीपुरा थाना क्षेत्र से संबंधित होने के कारण युवती को वहां भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि दर्ज मुकदमे के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।