बरेली। नकली शराब बेचने का विरोध करना एक युवक को भारी पड़ गया। शराब बेचने से मना करने पर पहले कहासुनी हुई और फिर विवाद इतना बढ़ गया कि कई लोगों ने मिलकर युवक की पिटाई कर दी। आरोप है कि शराब की पेटी उठाने को लेकर हुए विवाद में भतीजे, चाचा और परिवार की महिलाओं ने भी युवक पर हमला कर दिया। मारपीट के बाद आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी। पीड़ित की शिकायत पर सुभाषनगर थाने में रिपोर्ट दर्ज की गई है।
नकली शराब बेचने से किया मना, तो बिगड़ी बात
नेकपुर गल्ला मंडी निवासी अमित कुमार कन्नौजिया ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि एक अक्टूबर की शाम करीब 7:30 बजे वह हरीश कुमार के साथ बैठा हुआ था। इसी दौरान उसने हरीश को नकली शराब बेचने से मना किया। अमित का आरोप है कि हरीश ने उसकी बात नहीं मानी और नकली शराब बेचने की बात पर अड़ा रहा। इस पर उसने हरीश की शराब की एक पेटी उठा ली। इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद शुरू हो गया। देखते ही देखते कहासुनी बढ़ गई और मामला मारपीट तक पहुंच गया।
भतीजे और चाचा समेत कई लोग पहुंचे, मिलकर पीटा
अमित के मुताबिक, विवाद के दौरान हरीश का भतीजा सुशांत, उसका चाचा नन्हा, सुखलाल और परिवार की महिलाएं भी वहां पहुंच गईं। आरोप है कि सभी ने एकजुट होकर उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। अचानक कई लोगों के हमला करने से वह घिर गया। आरोपियों ने उसके साथ मारपीट कर दी। पीड़ित का कहना है कि आरोपियों ने उसे जान से मारने की धमकी भी दी, जिससे वह दहशत में आ गया।
सुभाषनगर थाने में दर्ज कराई रिपोर्ट
घटना के बाद अमित कुमार कन्नौजिया ने सुभाषनगर थाने पहुंचकर पुलिस से शिकायत की। उसने आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग करते हुए बताया कि नकली शराब बेचने का विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई और जान से मारने की धमकी दी गई। पुलिस ने पीड़ित की तहरीर पर रिपोर्ट दर्ज कर ली है। मामले की जांच की जा रही है।