बरेली। करीब एक महीने से मरम्मत कार्य के चलते बंद पड़े चौपला फ्लाईओवर को लेकर शहरवासियों के लिए बड़ी राहत की खबर सामने आई है। जिलाधिकारी अविनाश सिंह ने बुधवार को फ्लाईओवर का स्थलीय निरीक्षण किया और मरम्मत कार्य की प्रगति का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान पाया गया कि पुल की मरम्मत निर्धारित समयसीमा से पहले ही लगभग पूरी कर ली गई है। इसके बाद जिलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि अंतिम औपचारिकताएं पूरी कर 17 जून 2026 से फ्लाईओवर को आम जनता के लिए खोल दिया जाए।

चौपला फ्लाईओवर बंद होने के कारण शहर में लगातार ट्रैफिक दबाव बढ़ रहा था। लोगों को लंबा चक्कर लगाकर अपने गंतव्य तक पहुंचना पड़ रहा था। इस समस्या को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने पिछले महीने संबंधित विभागों के अधिकारियों के साथ बैठक की थी और मरम्मत कार्य को गुणवत्ता के साथ 10 जून तक पूरा करने के निर्देश दिए थे। अधिकारियों ने निर्धारित लक्ष्य से पहले ही मुख्य मरम्मत कार्य पूरा कर प्रशासन की अपेक्षाओं पर खरा उतरने का प्रयास किया है।

एक्सपेंशन ज्वाइंट से लेकर फिनिशिंग तक का लिया जायजा

निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने फ्लाईओवर पर लगाए गए नए एक्सपेंशन ज्वाइंट और अन्य तकनीकी कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया। अधिकारियों ने उन्हें बताया कि मरम्मत का मुख्य कार्य पूर्ण हो चुका है और वर्तमान में केवल फिनिशिंग तथा कंक्रीट की तराई का कार्य कराया जा रहा है। यह कार्य भी अगले कुछ दिनों में पूरा कर लिया जाएगा। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और पुल को पूरी तरह सुरक्षित बनाने के बाद ही यातायात के लिए खोला जाए।

12 मई से चल रहा था मरम्मत अभियान

बदायूं-बरेली मार्ग पर स्थित चौपला फ्लाईओवर पर एक्सपेंशन ज्वाइंट लगाने और संरचनात्मक मरम्मत का कार्य 12 मई 2026 से शुरू किया गया था। पुल की उम्र और लगातार बढ़ते यातायात दबाव को देखते हुए यह मरम्मत आवश्यक मानी गई थी। मरम्मत के दौरान यातायात को वैकल्पिक मार्गों पर डायवर्ट किया गया, जिससे कई इलाकों में जाम की स्थिति भी बनी रही। प्रशासन के अनुसार वर्तमान में अंतिम चरण का कार्य तेजी से पूरा कराया जा रहा है। यदि सब कुछ तय योजना के अनुसार रहा तो 17 जून से चौपला फ्लाईओवर पर पूर्व की तरह वाहनों का संचालन शुरू हो जाएगा। इससे शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को बड़ी राहत मिलेगी और रोजाना हजारों लोगों का सफर पहले की तुलना में अधिक सुगम हो सकेगा। निरीक्षण के दौरान अपर जिलाधिकारी (न्यायिक) देश दीपक सिंह और एनएचएआई के अधिकारी भी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed