बरेली। बरेली समेत आसपास के कई जिलों में बुधवार शाम मौसम ने अचानक करवट ले ली। तेज आंधी, बारिश और तूफानी हवाओं ने जनजीवन को बुरी तरह प्रभावित कर दिया। 60 से 90 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चली हवाओं के चलते शहर और ग्रामीण इलाकों में कई स्थानों पर पेड़ धराशायी हो गए, जबकि कई मकानों और दुकानों की टीन शेड तथा छप्पर उखड़ गए। वहीं सौ फुटा रोड दो यूनीपोल टूटकर सड़क पर गिर गए। इसके अलावा मिशन कंपाउंड में एक टीनशेड आ गिर गया।

0

तेज आंधी के कारण शहर के कई हिस्सों में दृश्यता बेहद कम हो गई और कुछ समय के लिए हालात धूलभरी आंधी जैसे बन गए। सड़कों पर वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। कई स्थानों पर बिजली के खंभे और तार क्षतिग्रस्त होने से बड़े पैमाने पर बिजली आपूर्ति बाधित हो गई। शहर के अनेक इलाकों में ब्लैकआउट की स्थिति बन गई है। बिजली विभाग के अधिकारियों के अनुसार तेज हवाओं और फॉल्ट की वजह से कई फीडर प्रभावित हुए हैं। देर रात तक बिजली आपूर्ति बहाल करने का प्रयास जारी है, लेकिन कई क्षेत्रों में रातभर बिजली गुल रहने की आशंका जताई जा रही है।

0

मौसम विभाग ने अगले तीन घंटे के लिए विशेष अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार बरेली मंडल और आसपास के जिलों में तेज आंधी, गरज-चमक के साथ बारिश और बिजली गिरने की संभावना बनी हुई है। लोगों को अनावश्यक रूप से घरों से बाहर न निकलने, पेड़ों और बिजली के खंभों से दूर रहने तथा सुरक्षित स्थानों पर रहने की सलाह दी गई है। प्रशासन ने भी नागरिकों से सतर्कता बरतने की अपील की है। खराब मौसम को देखते हुए आपदा प्रबंधन और बिजली विभाग की टीमें अलर्ट मोड पर हैं। अधिकारियों ने कहा है कि किसी भी आपात स्थिति में तत्काल स्थानीय प्रशासन या कंट्रोल रूम को सूचना दें। मौसम विभाग के अनुसार अगले कुछ घंटों तक मौसम का यह रुख बना रह सकता है, इसलिए लोगों को विशेष सावधानी बरतने की जरूरत है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *