bareillyनिरीक्षण करते मेयर और नगर आयुक्त।

बरेली। शहर में सोमवार को हुई मूसलाधार बारिश ने पिछले रिकॉर्ड तोड़ दिए। मौसम विभाग के मुताबिक 24 घंटे में 381.1 मिलीमीटर बारिश दर्ज की गई। भारी बारिश के कारण शहर के कई निचले इलाकों में जलभराव हो गया। हालात का जायजा लेने के लिए महापौर डॉ. उमेश गौतम नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य और नगर निगम की टीम के साथ जलभराव प्रभावित इलाकों में पहुंचे। महापौर ने दावा किया कि करीब 80 प्रतिशत जल निकासी पूरी कर ली गई है, जबकि शेष इलाकों से मंगलवार सुबह तक पानी निकालने का लक्ष्य रखा गया है।

रेजिडेंसी गार्डन में लगाए अतिरिक्त पंप

महापौर ने सबसे पहले स्टेडियम रोड स्थित रेजिडेंसी गार्डन कॉलोनी में जलभराव का जायजा लिया। यहां उन्होंने अधिकारियों से जल निकासी की स्थिति पूछी और पानी जल्द निकालने के निर्देश दिए। इसके बाद अतिरिक्त पंप मशीनें और वाहन लगाकर जल निकासी का काम तेज कराया गया। निरीक्षण के दौरान महापौर ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं भी सुनीं। लोगों ने जलभराव और पानी की धीमी निकासी की समस्या बताई, जिस पर संबंधित अधिकारियों को मौके पर कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

0

संजय नगर से हजियापुर तक देखे हालात

इसके बाद महापौर ने संजय नगर, हजियापुर और डेलापीर समेत अन्य जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण किया। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि जिन इलाकों में पानी अधिक भरा है, वहां अतिरिक्त पंप, मशीनें और वाहन लगाए जाएं। जलभराव वाले क्षेत्रों की लगातार निगरानी करने के भी निर्देश दिए। वहीं महापौर के मुताबिक वार्ड नंबर-1 में बारिश के बाद चार मकानों में दरार आने की सूचना मिली। खतरे को देखते हुए चारों मकानों को तत्काल खाली करा दिया गया। अधिकारियों को इन मकानों की स्थिति पर नजर रखने और आवश्यक सुरक्षा उपाय करने के निर्देश दिए गए हैं।

महापौर बोले- मंगलवार सुबह तक निकाल देंगे शेष पानी

महापौर डॉ. उमेश गौतम ने कहा कि मौसम विभाग के आंकड़ों के अनुसार 24 घंटे में 381.1 एमएम बारिश हुई है, जो अब तक का रिकॉर्ड है। इतनी अधिक बारिश के बावजूद नगर निगम की टीमों ने जल निकासी का काम तेजी से किया है। करीब 80 प्रतिशत पानी निकाला जा चुका है। जिन इलाकों में अभी जलभराव है, वहां लगातार पंप चल रहे हैं और मंगलवार सुबह तक पानी निकालने का लक्ष्य है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि जलभराव के कारण लोगों को परेशानी न हो और शिकायत मिलने पर तत्काल टीम मौके पर पहुंचे। जल निकासी में लापरवाही मिलने पर कार्रवाई की चेतावनी भी दी। निरीक्षण के दौरान नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य, अपर नगर आयुक्त शशिभूषण राय, महाप्रबंधक जल मनोज कुमार आर्य, एक्सईएन राजीव कुमार राठी, सहायक अभियंता अजित सिंह समेत जलकल और निर्माण विभाग के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *