bareillyनिर्माणधीन पानी की टंकी।

बरेली। मीरगंज तहसील क्षेत्र के शाही बकैनिया वीरपुर में सोमवार दोपहर निर्माणाधीन पानी की टंकी पर काम के दौरान बड़ा हादसा हो गया। शटरिंग फिसलने से तीन मजदूर ऊंचाई से नीचे गिर गए। हादसे में तीनों गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया, जहां नवाबगंज निवासी 20 वर्षीय वरुण की इलाज के दौरान मौत हो गई। दो अन्य मजदूरों का उपचार चल रहा है।

शटरिंग फिसली और नीचे जा गिरे मजदूर

बताया जा रहा है कि शाही बकैनिया वीरपुर में पानी की टंकी का निर्माण कार्य चल रहा है। सोमवार दोपहर मजदूर टंकी पर काम कर रहे थे। इसी दौरान अचानक शटरिंग फिसल गई और उस पर काम कर रहे तीन मजदूर नीचे गिर गए। हादसा होते ही मौके पर अफरा-तफरी मच गई। साथी मजदूरों और मौके पर मौजूद लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया।

20 वर्षीय वरुण ने इलाज के दौरान तोड़ा दम

हादसे में घायल नवाबगंज निवासी 20 वर्षीय वरुण की हालत गंभीर थी। अस्पताल में उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। वहीं बिशारतगंज के कुंदरिया निवासी राजेश पुरी समेत दो अन्य घायलों का अस्पताल में उपचार चल रहा है।

कार्यदायी संस्था NCC पर फिर उठे सवाल

हादसे के बाद पानी की टंकी का निर्माण करा रही कार्यदायी संस्था NCC की कार्यप्रणाली और सुरक्षा इंतजामों पर सवाल खड़े हो गए हैं। इससे पहले आंवला क्षेत्र में भी निर्माणाधीन पानी की टंकी ढहने की घटना सामने आई थी। उसके मलबे की चपेट में आने से पांच ग्रामीण गंभीर रूप से घायल हो गए थे।

सूचना मिलते ही मौके पर पहुंचे अधिकारी

शाही बकैनिया वीरपुर में हादसे की सूचना मिलते ही जल निगम शहरी और तहसील प्रशासन के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का जायजा लेने के साथ हादसे के कारणों की जानकारी जुटाई। मजदूर की मौत के बाद निर्माण कार्य के दौरान अपनाए गए सुरक्षा मानकों को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *