बरेली। बरेली के रेल यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी है। कम किराये में एसी सफर कराने वाली गरीब रथ एक्सप्रेस में अब सीटों की मारामारी कम होगी। रेलवे ने बरेली से होकर गुजरने वाली दो जोड़ी गरीब रथ एक्सप्रेस में स्थायी रूप से दो-दो अतिरिक्त कोच जोड़ दिए हैं। इससे हर फेरे में यात्रियों के लिए अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी और वेटिंग टिकट वाले यात्रियों को भी राहत मिलने की उम्मीद है।

दो कोच जुड़ते ही बढ़ गईं 144 बर्थ

रेलवे ने इन ट्रेनों में आधुनिक LHB वातानुकूलित 3 टियर इकोनॉमी कोच बढ़ाए हैं। दो अतिरिक्त कोच जुड़ने से हर फेरे में करीब 144 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। खासकर त्योहारों और छुट्टियों के दौरान जब इन ट्रेनों में टिकट के लिए लंबी वेटिंग रहती है, तब अतिरिक्त कोच यात्रियों के लिए बड़ी राहत बनेंगे।

जम्मू जाने वालों के लिए भी बढ़ी राहत

गाड़ी संख्या 12208/12207 जम्मू तवी-काठगोदाम-जम्मू तवी गरीब रथ एक्सप्रेस में भी दो अतिरिक्त कोच लगाए गए हैं। जम्मू जाने वाले बरेली और आसपास के यात्रियों को इससे फायदा मिलेगा। गाड़ी संख्या 12208 में अतिरिक्त कोच की सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि वापसी की गाड़ी 12207 में 15 सितंबर 2026 से अतिरिक्त कोच लगाए जाएंगे।

काठगोदाम और कानपुर का सफर भी होगा आसान

गाड़ी संख्या 12210/12209 काठगोदाम-कानपुर सेंट्रल-काठगोदाम गरीब रथ एक्सप्रेस में भी दो अतिरिक्त कोच जोड़े गए हैं। गाड़ी संख्या 12210 में यह सुविधा शुरू हो चुकी है, जबकि वापसी की गाड़ी 12209 में 15 सितंबर 2026 से अतिरिक्त कोच मिलेंगे। इससे कानपुर और काठगोदाम की ओर जाने वाले यात्रियों को ज्यादा सीटें मिल सकेंगी।

कम किराये में AC सफर, अब टिकट की टेंशन भी कम

गरीब रथ एक्सप्रेस कम खर्च में वातानुकूलित सफर के लिए यात्रियों के बीच काफी लोकप्रिय है। यही वजह है कि इसमें अक्सर सीटों की मांग ज्यादा रहती है। अब अतिरिक्त कोच जुड़ने से बरेली से जम्मू, काठगोदाम और कानपुर जाने वाले यात्रियों को कन्फर्म टिकट मिलने के ज्यादा मौके मिलेंगे। खासकर व्यस्त दिनों और त्योहारों के समय यात्रियों को इसका सीधा फायदा मिलने की उम्मीद है।

यात्रियों को मिलेगी अतिरिक्त बर्थ की सुविधा

मुरादाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ मंडल वाणिज्य प्रबंधक महेश यादव ने बताया कि गरीब रथ एक्सप्रेस में दो-दो अतिरिक्त कोच स्थायी रूप से बढ़ाए गए हैं। इससे प्रत्येक फेरे में करीब 144 अतिरिक्त बर्थ उपलब्ध होंगी। यात्रियों को वेटिंग से राहत मिलेगी और कन्फर्म टिकट मिलने की संभावना भी बढ़ेगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *