bareillyमृतक पूजा राना का फाइल फोटो।

बरेली। इवेंट मैनेजर पूजा राना की हत्या कर शव जंगल में दबाने के मामले में बारादरी थाना पुलिस ने तीन आरोपियों के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है। पुलिस के मुताबिक आरोपी गिरोह बनाकर चोरी की वारदात करते थे। पूजा की हत्या के बाद उनके जेवर भी गायब कर दिए गए थे। मामले में विमल कुमार को गैंग लीडर बताया गया है।

बारादरी थाने में दर्ज गैंगस्टर की रिपोर्ट के मुताबिक हाफिजगंज क्षेत्र के बड़ेपुरा गांव निवासी विमल कुमार गिरोह का सरगना है। उसके गिरोह में डेलापीर निवासी सोहिल खान और हाफिजगंज के जवाहर नगर निवासी अनिल कुमार शामिल हैं। पुलिस का दावा है कि तीनों संगठित गिरोह बनाकर चोरी की घटनाओं को अंजाम देते हैं।

12 जनवरी को घर से निकली थीं पूजा, फिर नहीं लौटीं

बारादरी के दुर्गानगर क्षेत्र में रहने वाली इवेंट मैनेजर पूजा राना 12 जनवरी को घर से निकली थीं। इसके बाद वह संदिग्ध परिस्थितियों में लापता हो गईं। मामले में विमल के खिलाफ अपहरण की रिपोर्ट दर्ज कराई गई थी। पुलिस ने विमल को गिरफ्तार कर पूछताछ की तो मामले की परतें खुलीं। उसकी निशानदेही पर रिठौरा क्षेत्र के जंगल में जमीन के नीचे दबाया गया पूजा का शव बरामद किया गया। इसके बाद अपहरण के मुकदमे को हत्या की धाराओं में तरमीम करते हुए सोहिल खान और अनिल कुमार को भी आरोपी बनाया गया। तीनों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया था।

मुठभेड़ में पकड़ा गया था मुख्य आरोपी विमल

मुख्य आरोपी विमल को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार किया था। विवेचना में सामने आया कि घर से निकलते समय पूजा ने जेवर पहन रखे थे, लेकिन शव मिलने पर जेवर गायब थे। पुलिस ने विमल को रिमांड पर लेकर उसकी निशानदेही पर जेवर बरामद किए थे। पुलिस ने विमल और सोहिल के खिलाफ हत्या समेत अन्य गंभीर धाराओं में आरोपपत्र दाखिल किया, जबकि अनिल के खिलाफ साक्ष्य मिटाने के आरोप में चार्जशीट दाखिल की गई। एएसपी शिवम आशुतोष सिंह के मुताबिक विवेचना में सामने आया कि पूजा का अपहरण कर हत्या करने और उनके जेवर गायब करने की वारदात को अंजाम दिया गया था। अब बारादरी पुलिस ने विमल, सोहिल और अनिल के खिलाफ गैंगस्टर एक्ट के तहत कार्रवाई की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *