UP NEWS

बरेली। बीडीए में शासन स्तर से बड़ा प्रशासनिक फेरबदल किया गया है। बीडीए सचिव वंदिता श्रीवास्तव का तबादला कर उन्हें पद से रिलीव कर दिया गया है। उनकी जगह सहकारी चीनी मिल संघ के प्रधान प्रबंधक हिमांशु कुमार गुप्ता को बीडीए का नया सचिव नियुक्त किया गया है। वह जल्द ही बरेली पहुंचकर कार्यभार संभालेंगे।

वंदिता श्रीवास्तव को प्रयागराज में नई जिम्मेदारी

शासन की ओर से जारी तबादला आदेश के बाद वंदिता श्रीवास्तव को बीडीए सचिव के पद से कार्यमुक्त कर दिया गया है। उन्हें उच्च शिक्षा निदेशालय, प्रयागराज में उपनिदेशक (प्रशासन) के पद पर तैनाती दी गई है। हिमांशु कुमार गुप्ता अभी तक सहकारी चीनी मिल संघ में प्रधान प्रबंधक के पद पर तैनात थे। शासन ने अब उन्हें बरेली विकास प्राधिकरण में सचिव की जिम्मेदारी सौंपी है। उनके कार्यभार ग्रहण करने के साथ ही बीडीए की प्रशासनिक व्यवस्था में नया बदलाव दिखाई देगा।

नए सचिव के सामने विकास योजनाओं की चुनौती

नए सचिव के सामने बीडीए की चल रही विकास परियोजनाओं को निर्धारित समय में आगे बढ़ाने के साथ अवैध निर्माणों के खिलाफ कार्रवाई और प्राधिकरण की प्रशासनिक व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने की जिम्मेदारी होगी। कार्यभार ग्रहण करने के बाद हिमांशु कुमार गुप्ता की प्राथमिकताओं पर भी नजर रहेगी। बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने सचिव पद पर हुए बदलाव की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि वंदिता श्रीवास्तव को रिलीव कर दिया गया है और नए सचिव हिमांशु कुमार गुप्ता जल्द ही कार्यभार ग्रहण करेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *