पटना। बिहार में शराबबंदी के बीच ट्रेनों के जरिए शराब की तस्करी का एक और चौंकाने वाला मामला सामने आया है। समस्तीपुर में नेहा कुमारी की गिरफ्तारी के बाद अब पटना में प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही रिया नाम की युवती को अंग्रेजी शराब की खेप के साथ पकड़ा गया है। आरोप है कि युवती रुपये के लालच में उत्तर प्रदेश से ट्रेन के जरिए शराब लेकर पटना पहुंची थी। उसके हैंड बैग और शोल्डर बैग से करीब 14 हजार रुपये कीमत की ब्रांडेड शराब बरामद हुई है।
पटना जंक्शन के बाहर बिछाया जाल, बाइक से जाते समय पकड़ी गई
मामला पटना के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को सूचना मिली थी कि पटना जंक्शन के आसपास शराब की खेप पहुंचने वाली है। इसके बाद पुलिस टीम ने इलाके में निगरानी बढ़ा दी। इसी दौरान स्टेशन से बाहर निकलने के बाद बाइक से जा रही युवती और कुछ युवकों को रोककर तलाशी ली गई। पुलिस ने युवती के हैंड बैग और शोल्डर बैग की जांच की तो उनमें अंग्रेजी शराब की बोतलें मिलीं। पुलिस के मुताबिक बैग में आधा दर्जन से अधिक ब्रांडेड शराब की बोतलें थीं, जिनकी कीमत करीब 14 हजार रुपये आंकी गई है। शराब बरामद होने के बाद युवती को गिरफ्तार कर पूछताछ शुरू कर दी गई।
रुपये का लालच देकर यूपी भेजा, ट्रेन से लेकर पहुंची शराब
पुलिस पूछताछ में युवती ने बताया कि उसके एक परिचित युवक ने शराब की खेप लाने के बदले रुपये देने का लालच दिया था। आरोप है कि उसी के कहने पर वह उत्तर प्रदेश गई और वहां से शराब लेकर ट्रेन से पटना पहुंची। पटना जंक्शन पर उतरने के बाद वह शराब से भरे बैग लेकर बाहर निकली और बाइक से आगे जा रही थी, लेकिन पहले से सतर्क पुलिस ने उसे पकड़ लिया। अब पुलिस उस युवक की तलाश और भूमिका की जांच कर रही है, जिसने कथित तौर पर युवती को शराब लाने के लिए तैयार किया था।
प्रतियोगी परीक्षा की तैयारी कर रही रिया, पहली बार तस्करी का दावा
पुलिस के अनुसार युवती पटना की रहने वाली है और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रही है। पूछताछ में उसने दावा किया कि इससे पहले वह शराब तस्करी में शामिल नहीं रही और पैसों के लालच में पहली बार शराब की खेप पहुंचाने के लिए तैयार हुई थी। पुलिस उसके इस दावे की भी जांच कर रही है।
शराब किसे पहुंचानी थी? नेटवर्क खंगाल रही पुलिस
पुलिस अब यह पता लगाने में जुटी है कि उत्तर प्रदेश से लाई गई शराब पटना में किस व्यक्ति को दी जानी थी और इसके पीछे कोई संगठित नेटवर्क सक्रिय है या नहीं। युवती के संपर्क में रहे लोगों की जानकारी जुटाने के साथ पूरे सप्लाई नेटवर्क की कड़ियां खंगाली जा रही हैं।
कुछ दिन पहले AC फर्स्ट में शराब के साथ पकड़ी गई थी नेहा
इससे पहले समस्तीपुर में नेहा कुमारी को शराब तस्करी के आरोप में पकड़ा गया था। आरोप था कि वह दिल्ली से ट्रेन के एसी फर्स्ट कोच में ब्रांडेड शराब लेकर बिहार जा रही थी। अब पटना में एक और युवती की गिरफ्तारी ने ट्रेन के रास्ते शराब की तस्करी के तौर-तरीकों को फिर चर्चा में ला दिया है।