bareilly

बरेली। दो युवतियों के समलैंगिक विवाह का दावा करने वाला मामला सामने आने के बाद सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो ने चर्चाओं का बाजार गर्म कर दिया है। वीडियो में दोनों युवतियां एक-दूसरे से शादी करने का दावा करते हुए खुद को पत्नी-पत्नी के रूप में साथ रहने की बात कह रही हैं। साथ ही उन्होंने अपने परिवारों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस से सुरक्षा की मांग की है। हालांकि, वायरल वीडियो और उसमें किए गए दावों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हो सकी है।

शामली के बाबरी थाना क्षेत्र के गांव बुटराड़ा निवासी एक युवती और बरेली की दूसरी युवती नोएडा की एक फैक्ट्री में काम करती थीं। बताया जा रहा है कि दोनों के बीच प्रेम संबंध बने और इसी वर्ष जनवरी से दोनों लिव-इन रिलेशनशिप में साथ रह रही थीं। सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो में दावा किया गया है कि दोनों ने परिजनों की इच्छा के विरुद्ध मुजफ्फरनगर में शादी कर ली और अब पति-पत्नी की बजाय पत्नी-पत्नी के रूप में साथ रह रही हैं।

स्थानीय लोगों ने बताई चौकाने वाली बात

वायरल वीडियो में बरेली निवासी युवती की ओर से पुलिस अधीक्षक, बरेली के नाम दिए गए एक प्रार्थना पत्र की प्रति भी दिखाई जा रही है। पत्र में दोनों के बालिग होने का हवाला देते हुए अपनी इच्छा से साथ रहने की बात कही गई है। साथ ही परिवार के लोगों से जान का खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा उपलब्ध कराने की मांग की गई है। मामले की जानकारी मिलने पर गांव बुटराड़ा में पड़ताल की गई तो युवती के घर पर ताला मिला। ग्रामीणों ने बताया कि युवती के परिजन मजदूरी के सिलसिले में बाहर गए हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि संबंधित युवती बचपन से ही लड़कों की तरह रहना पसंद करती थी, अधिकतर पैंट-शर्ट पहनती थी और बाइक भी चलाती थी। पिछले कई महीनों से वह नोएडा की एक फैक्ट्री में नौकरी कर रही थी।

वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल

सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद पूरे क्षेत्र में तरह-तरह की चर्चाएं शुरू हो गई हैं। हालांकि वायरल वीडियो और शादी संबंधी दावों की आधिकारिक पुष्टि फिलहाल नहीं हुई है। उधर, एसपी एन.पी. सिंह ने बताया कि मामला अभी उनके संज्ञान में नहीं आया है। यदि सुरक्षा संबंधी कोई प्रार्थना पत्र प्राप्त होता है तो उसकी जांच कर नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *