बरेली। नगर निगम कार्यकारिणी समिति के चुनाव में भाजपा ने अपनी मजबूत स्थिति बरकरार रखी। छह पदों के लिए हुए चुनाव में सभी उम्मीदवार निर्विरोध निर्वाचित घोषित किए गए। भाजपा के पांच और सपा के एक पार्षद के कार्यकारिणी में पहुंचने के बाद समिति में भाजपा के सदस्यों की संख्या 10 हो गई है, जबकि सपा के दो सदस्य हैं। नगर निगम बोर्ड की तरह कार्यकारिणी में भी भाजपा का बहुमत कायम है।
गुरुवार सुबह करीब 11 बजे नगर निगम सभागार में कार्यकारिणी समिति के चुनाव की प्रक्रिया शुरू हुई। मेयर डॉ. उमेश गौतम और नगर आयुक्त संजीव कुमार मौर्य की मौजूदगी में नामांकन की कार्रवाई पूरी की गई। छह रिक्त पदों के लिए भाजपा की ओर से पांच और समाजवादी पार्टी की ओर से एक पार्षद ने नामांकन दाखिल किया। निर्धारित संख्या के बराबर नामांकन होने के चलते चुनाव निर्विरोध घोषित कर दिया गया।
इन पार्षदों को मिली कार्यकारिणी में जगह
कार्यकारिणी समिति के लिए भाजपा के महेश राजपूत, संगीता रानी, बबली पटेल और अजय रतनाकर के साथ सपा के शमीम अहमद निर्वाचित घोषित किए गए। निर्विरोध निर्वाचन के बाद सभागार में मौजूद पार्षदों और अधिकारियों ने सभी सदस्यों को बधाई दी।
छह निवर्तमान सदस्यों को दी गई विदाई
नई कार्यकारिणी के गठन से पहले निवर्तमान सदस्यों संतोष कश्यप, नरेंद्र सिंह, अंजुला गंगवार, हरिशंकर, ओमान रजा खां और रितिका किशोर को सम्मानपूर्वक विदाई दी गई। उनके कार्यकाल के दौरान किए गए योगदान की सराहना भी की गई।
भाजपा के पक्ष में मजबूत हुआ समीकरण
नए चुनाव के बाद नगर निगम कार्यकारिणी में भाजपा के 10 सदस्य और सपा के 2 सदस्य हो गए हैं। बोर्ड की तरह कार्यकारिणी समिति में भी भाजपा का दबदबा कायम है। राजनीतिक जानकारों का मानना है कि इससे नगर निगम में विकास योजनाओं और प्रस्तावों को पारित कराने में भाजपा को और मजबूती मिलेगी।
मेयर बोले- विकास कार्यों को मिलेगी नई गति
मेयर डॉ. उमेश गौतम ने निर्विरोध निर्वाचन को ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि नगर निगम की कार्यकारिणी में भाजपा ने बड़ी जीत हासिल की है। उन्होंने कहा कि लगातार निर्विरोध चुनाव होना अपने आप में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि है। सभी सदस्य मिलकर बरेली के विकास कार्यों को नई गति देने का काम करेंगे।