बरेली। मोहर्रम के अवसर पर शुक्रवार को निकलने वाले जुलूसों और बढ़ती भीड़ को देखते हुए यातायात पुलिस ने शहर में भारी वाहनों के लिए विशेष डायवर्जन योजना लागू की है। यह व्यवस्था सुबह 8 बजे से रात 12 बजे तक प्रभावी रहेगी। ट्रैफिक पुलिस ने लोगों से अनावश्यक यात्रा से बचने और वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करने की अपील की है।
एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने बताया मोहर्रम के दौरान झुमका तिराहे से मिनी बाईपास की ओर सभी प्रकार के वाहनों का आवागमन बंद रहेगा। परसाखेड़ा औद्योगिक क्षेत्र से आने-जाने वाले वाहन ट्यूलिया अंडरपास मार्ग का उपयोग करेंगे।
दिल्ली-मुरादाबाद की ओर से आने वाले वाहनों के लिए नया रूट
दिल्ली, मुरादाबाद और रामपुर की दिशा से बरेली महानगर में प्रवेश करने वाले सभी वाहन बिल्वा पुल, इज्जतनगर, डेलापीर, विलयधाम और बैरियर-2 होकर शहर में प्रवेश करेंगे। वहीं बरेली से दिल्ली, नैनीताल, पीलीभीत और शाहजहांपुर जाने वाले वाहनों को भी इसी मार्ग का उपयोग करना होगा।
सेटेलाइट बस स्टेशन की ओर डायवर्जन
इन्वर्टिस तिराहे से सेटेलाइट बस स्टेशन की तरफ सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। बसों और अन्य वाहनों का संचालन इन्वर्टिस से विलयधाम और बैरियर-2 होते हुए सेटेलाइट तक कराया जाएगा।
रेलवे स्टेशन जाने वालों के लिए बदला मार्ग
सेटेलाइट बस स्टेशन से इसाइयों की पुलिया, मालियों की पुलिया और बियावान कोठी की ओर वाहनों की आवाजाही बंद रहेगी। रेलवे स्टेशन और गांधी उद्यान जाने वाले वाहन सौ फुटा रोड, डेलापीर और श्यामतगंज पुल होकर अपने गंतव्य तक पहुंच सकेंगे।
इज्जतनगर से किला क्षेत्र तक वाहनों की नो एंट्री
इज्जतनगर तिराहे से कुदेशिया पुल, महादेव पुल और किला क्षेत्र की ओर सभी वाहन प्रतिबंधित रहेंगे। इज्जतनगर रेलवे स्टेशन से आने-जाने वाले लोगों को डेलापीर और गांधी उद्यान मार्ग का उपयोग करना होगा।
बदायूं जाने वाले भारी वाहनों के लिए अलग व्यवस्था
बरेली से बदायूं जाने वाले भारी वाहन डेलापीर, विलयधाम, फरीदपुर और बुखारा मोड़ होकर गुजरेंगे। इसी प्रकार बदायूं से आने वाले भारी वाहन भी बुखारा मोड़ से फरीदपुर होते हुए हाईवे तक पहुंचेंगे। बुखारा मोड़ से बरेली शहर की ओर भारी वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा।
ट्रैफिक पुलिस की अपील
एसपी ट्रैफिक मो अकमल खान ने कहा रेलवे स्टेशन, चौकी चौराहा, गांधी उद्यान, डेलापीर, बैरियर-2 और विलयधाम का मार्ग सामान्य दिनों की तरह संचालित रहेगा। पुलिस ने नागरिकों से सहयोग की अपील करते हुए कहा है कि भीड़भाड़ से बचने के लिए वैकल्पिक मार्गों का प्रयोग करें और यातायात नियमों का पालन करें।