बरेली। अग्नि सुरक्षा मानकों की अनदेखी करने वाले कोचिंग संस्थानों और लाइब्रेरी पर बीडीए का शिकंजा लगातार कसता जा रहा है। गुरुवार को लगातार तीसरे दिन चले संयुक्त विशेष अभियान में पुलिस प्रशासन, अग्निशमन विभाग और बीडीए की टीम ने 10 कोचिंग संस्थानों एवं लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। जांच के दौरान सुरक्षा मानकों में गंभीर खामियां मिलने पर सात संस्थानों को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया, जबकि तीन अन्य को मानचित्र एवं अग्निशमन विभाग की अनापत्ति (एनओसी) प्रस्तुत करने के लिए नोटिस जारी किया गया।
सीएफओ मनु शर्मा ने बताया कि संयुक्त टीम ने निरीक्षण के दौरान पाया कि कई संस्थानों में अग्नि सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम नहीं थे। सुरक्षा की दृष्टि से अत्यंत असुरक्षित पाए जाने पर अध्ययन लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी, ज्ञान लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी, श्रीनाथ लाइब्रेरी ग्राम डोहरा, द गुरु लाइब्रेरी गैलेक्सी टावर, एकता नगर, आईडियल कोचिंग एवं लाइब्रेरी स्टेडियम रोड, विनटैक लाइब्रेरी रामपुर गार्डन और तक्षशिला डिजिटल लाइब्रेरी रामपुर गार्डन को तत्काल प्रभाव से सील कर दिया गया।
इन तीन संस्थानों को मिला अंतिम मौका
निरीक्षण के दौरान मीरा लाइब्रेरी शिव गार्डन कॉलोनी, एम क्यूब क्लासेस डीडीपुरम और एकेडमी ऑफ सिविल सर्विसेज बीबीएल स्कूल के पास, डीडीपुरम को भवन का स्वीकृत मानचित्र और अग्निशमन विभाग की अनापत्ति प्रमाण पत्र (एनओसी) प्रस्तुत करने के निर्देश दिए गए हैं। निर्धारित समय सीमा में दस्तावेज प्रस्तुत न करने पर इनके विरुद्ध भी कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
बीडीए उपाध्यक्ष का सख्त संदेश
बीडीए उपाध्यक्ष सौम्या पांडेय ने कहा कि नागरिकों की सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता है। अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए संयुक्त सघन अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा। नियमों का उल्लंघन करने वाले किसी भी संस्थान या व्यावसायिक प्रतिष्ठान को बख्शा नहीं जाएगा और उनके विरुद्ध नियमानुसार कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि ऐसे अभियान संभावित अग्निकांड जैसी घटनाओं को रोकने और लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से चलाए जा रहे हैं।