बदायूं। मुख्य डाकघर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने के बाद गुरुवार को पुलिस और प्रशासन में हड़कंप मच गया। डाकघर के आधिकारिक ईमेल पर अज्ञात व्यक्ति की ओर से धमकी भरा मेल भेजा गया था। सूचना मिलते ही पुलिस ने पूरे मामले को गंभीरता से लेते हुए तत्काल सुरक्षा व्यवस्था बढ़ा दी।
धमकी मिलने के बाद सीओ सिटी राहुल पांडेय के निर्देशन में पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। डाकघर में मौजूद ग्राहकों और कर्मचारियों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर को खाली कराया गया। इसके बाद बम निरोधक दस्ता और डॉग स्क्वायड की मदद से कोने-कोने की गहन तलाशी ली गई।
पार्सल और डाक सामग्री की भी हुई बारीकी से जांच
करीब तीन घंटे तक चले तलाशी अभियान के दौरान डाकघर में रखे पार्सल, लेटर, डाक सामग्री और अन्य सामान की एक-एक कर जांच की गई। सुरक्षा एजेंसियों ने हर संदिग्ध स्थान की पड़ताल की, ताकि किसी भी संभावित खतरे को समय रहते निष्क्रिय किया जा सके। लंबे तलाशी अभियान के बावजूद डाकघर परिसर से कोई विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई। इसके बाद अधिकारियों ने राहत की सांस ली। पुलिस का कहना है कि धमकी को पूरी गंभीरता से लिया गया और सभी सुरक्षा प्रोटोकॉल का पालन करते हुए जांच पूरी की गई।
सीसीटीवी खंगाल रही पुलिस
घटना के बाद डाकघर के बाहर अतिरिक्त पुलिस बल तैनात कर दिया गया है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है। वहीं, धमकी भरा ईमेल भेजने वाले की पहचान के लिए साइबर सेल को लगाया गया है। पुलिस अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर आगे की कार्रवाई की तैयारी कर रही है। गौरतलब है कि बुधवार को बदायूं जिला न्यायालय परिसर को भी बम से उड़ाने की धमकी मिली थी। उस समय भी पुलिस और सुरक्षा एजेंसियों ने व्यापक तलाशी अभियान चलाया था, लेकिन कोई संदिग्ध वस्तु नहीं मिली थी। लगातार मिल रही धमकियों के बाद जिले में सुरक्षा व्यवस्था और सतर्कता बढ़ा दी गई है।