रजाकार, razakar

बरेलीउर्स-ए-रजवी में इस बार देश-विदेश से आने वाले लाखों जायरीन की भीड़ को देखते हुए दरगाह आला हजरत प्रशासन ने तैयारियों को अंतिम रूप दे दिया है। उर्स के तीनों दिन व्यवस्था संभालने के लिए 1500 रजाकारों की बड़ी टीम मैदान में उतारी गई है। ये रजाकार 24 घंटे अलग-अलग शिफ्टों में तैनात रहकर दरगाह से लेकर शहर के प्रमुख चौराहों, रेलवे स्टेशन और बस अड्डों तक जायरीन की हर संभव मदद करेंगे।

दरगाह प्रमुख मौलाना सुब्हान रजा खान (सुब्हानी मियां) और सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन रजा कादरी (अहसन मियां) के निर्देश पर गठित इस टीम की कमान सय्यद आसिफ मियां को सौंपी गई है। सभी रजाकारों को परिचय पत्र देकर उनकी ड्यूटी और जिम्मेदारियां तय कर दी गई हैं, ताकि उर्स के दौरान व्यवस्था पूरी तरह सुचारु बनी रहे।

रजाकार razakar

रेलवे स्टेशन से दरगाह तक हर प्वाइंट पर तैनात रहेंगे रजाकार

दरगाह के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी ने बताया कि रजाकारों की ड्यूटी आठ-आठ घंटे की तीन शिफ्टों में लगाई गई है। टीमें दरगाह परिसर, इस्लामिया मैदान, रेलवे जंक्शन, सेटेलाइट बस अड्डा, रोडवेज, कुतुबखाना, चौपला, किला, बिहारीपुर, नावेल्टी चौराहा, कुमार सिनेमा और अय्यूब खान चौराहे समेत सभी प्रमुख स्थानों पर तैनात रहेंगी। बाहर से आने वाले जायरीन को रास्ता बताने से लेकर जरूरी सहायता उपलब्ध कराने तक की जिम्मेदारी यही टीमें निभाएंगी।

यह भी पढ़ें : उर्स-ए-रजवी से उठेगी सामाजिक सुधार की आवाज, नशाखोरी और महिला अपराधों पर होगा बड़ा मंथन

मंच से दुनिया भर के उलेमा देंगे तकरीर

उर्स के धार्मिक कार्यक्रमों की तैयारियां भी पूरी कर ली गई हैं। मंच संचालन कारी यूसुफ रजा संभली करेंगे, जबकि मुफ्ती अकिल रजवी, मुफ्ती सलीम नूरी बरेलवी, मुफ्ती सय्यद कफील हाशमी और मुफ्ती अय्यूब नूरी की निगरानी में देश-विदेश से आने वाले उलेमा तकरीर करेंगे। प्रशासनिक व्यवस्था, मीडिया, लंगर, पूछताछ केंद्र, ऑनलाइन प्रसारण, ट्रैफिक, रेलवे समन्वय और अन्य व्यवस्थाओं के लिए अलग-अलग टीमों को जिम्मेदारी सौंपी गई है।

रजाकार, razakar

108 फूलों की डलियों का जुलूस पहुंचा दरगाह

उधर उर्स की रौनक भी बढ़ने लगी है। दरगाह पर चादर पेश करने का सिलसिला शुरू हो गया है। सज्जादानशीन की अपील पर रहपुरा चौधरी से 108 फूलों की डलियों का जुलूस बिना डीजे के दरगाह पहुंचा। जुलूस में शामिल अकीदतमंदों ने मुल्क में अमन, भाईचारे और खुशहाली की दुआ की।

कल लगेगा मुफ्त हेल्थ कैंप

उर्स के दौरान सामाजिक सेवा के तहत 2 अगस्त को सुबह 10 बजे से दोपहर 1 बजे तक हसीन मियां शादी हॉल, ईदगाह गेट, हुसैन बाग में विशाल निशुल्क हेल्थ कैंप लगाया जाएगा। कैंप में विशेषज्ञ डॉक्टरों द्वारा मुफ्त परामर्श, दवाइयां, खून की जांच और जरूरतमंद मरीजों के ऑपरेशन के लिए निशुल्क पंजीकरण किया जाएगा। आयोजकों ने सभी धर्मों के लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *