bareillyमृतका का फाइल फोटो

बरेली। शादी के महज चार महीने बाद उपचार के दौरान नवविवाहिता की मौत हो गई। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर मामले की जांच तेज कर दी है। अब पहले से दर्ज मुकदमे में दहेज हत्या की धारा जोड़कर ससुराल पक्ष के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

कैंट थाना क्षेत्र के उमरसिया निवासी प्रीति की शादी चार महीने पहले हुई थी। मृतका के पिता रामवीर, निवासी बेहटी, सुभाषनगर ने आरोप लगाया था कि शादी में 15 लाख रुपये से अधिक खर्च करने के बावजूद पति धर्मेंद्र, ससुर ज्वाला प्रसाद और सास कमला देवी दो लाख रुपये की अतिरिक्त मांग कर रहे थे। मांग पूरी नहीं होने पर 14 जून को तीनों ने मिलकर प्रीति को जबरन तेजाब पिला दिया।

बेटी ने अस्पताल में पिता को सुनाई थी आपबीती

परिजनों का कहना है कि घटना की सूचना मिलने पर वे बरेली पहुंचे तो निजी अस्पताल में भर्ती प्रीति ने खुद बताया कि उसके पति और ससुराल वालों ने उसे तेजाब पिलाया है। इसके बाद पिता की तहरीर पर पुलिस ने उत्पीड़न और तेजाब पिलाने के आरोप में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी।

इलाज के दौरान मौत, पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार

करीब तीन सप्ताह तक इलाज के बाद सोमवार शाम प्रीति ने दम तोड़ दिया। सूचना पर कैंट थाना पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया। अब पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर विवेचना आगे बढ़ाई जा रही है।

दहेज हत्या की धारा होगी शामिल

सीओ प्रथम आशुतोष शिवम ने बताया कि विवाहिता की मौत के बाद पहले से दर्ज मुकदमे में दहेज हत्या की धारा बढ़ाई जाएगी। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। वहीं पुलिस आरोपियों की भूमिका की भी गहनता से जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *