Social Sharing icon

गाजीपुर। जिले के सैदपुर थाना क्षेत्र में रविवार तड़के पुलिस और दो इनामी आरोपियों के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की जवाबी कार्रवाई में दोनों आरोपियों के पैर में गोली लगी, जिसके बाद उन्हें गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी आपस में पिता-पुत्र बताए जा रहे हैं और हत्या के एक मामले में लंबे समय से फरार चल रहे थे।

हत्या के मामले में चल रहे थे फरार

पुलिस के अनुसार दोनों आरोपी दासु बनवासी हत्याकांड में वांछित थे। घटना के बाद से पुलिस लगातार उनकी तलाश कर रही थी। दोनों पर 25-25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था। पूछताछ में आरोपियों की पहचान रासबिहारी और उसके बेटे हरेंद्र के रूप में हुई है।

मुखबिर की सूचना पर पहुंची पुलिस

क्षेत्राधिकारी रामकृष्ण ने बताया कि पुलिस को सूचना मिली थी कि दोनों आरोपी सेहमलपुर गांव के पास निर्माणाधीन फायर सर्विस स्टेशन की बिल्डिंग के पास छिपे हुए हैं। सूचना के बाद सैदपुर थाना पुलिस और अन्य पुलिस टीमें मौके पर पहुंचीं और इलाके की घेराबंदी की गई।

पुलिस को देखते ही शुरू कर दी फायरिंग

पुलिस के मुताबिक जैसे ही टीम आरोपियों के करीब पहुंची, दोनों ने पुलिस पर फायरिंग शुरू कर दी। जवाबी कार्रवाई में रासबिहारी के बाएं पैर और हरेंद्र के दाहिने पैर में गोली लगी। घायल होने के बाद दोनों को मौके से पकड़ लिया गया। पुलिस ने उन्हें इलाज के लिए अस्पताल भेज दिया।

तमंचे और कारतूस बरामद

पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के दो तमंचे, जिंदा कारतूस और खोखा कारतूस बरामद किए हैं। अधिकारियों का कहना है कि इलाके में अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और फरार अपराधियों पर सख्त कार्रवाई की जाएगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

You missed