Social Sharing icon

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में रविवार से मौसम का मिजाज तेजी से बदलने जा रहा है। एक तरफ पश्चिमी और मध्य यूपी के कई जिलों में भीषण गर्मी और लू लोगों को परेशान करेगी, वहीं दूसरी ओर पूर्वी यूपी में तेज आंधी, बारिश और बिजली गिरने का खतरा बढ़ गया है। मौसम विभाग ने कई जिलों के लिए अलर्ट जारी किया है।

दोपहर में झुलसाएगी गर्मी, शाम को बदलेगा मौसम

मौसम विभाग के मुताबिक लखनऊ, आगरा, नोएडा, कानपुर, प्रयागराज और वाराणसी समेत कई शहरों में दोपहर के समय तेज धूप और गर्म हवाएं चलेंगी। दोपहर 12 बजे से शाम 4 बजे तक लू जैसे हालात बन सकते हैं। वहीं शाम के बाद कई इलाकों में अचानक मौसम बदल सकता है। बादल छाने, गरज-चमक और तेज हवाओं के साथ हल्की बारिश की संभावना जताई गई है।

इन जिलों में तेज आंधी और बारिश का खतरा

मौसम विभाग ने आगरा, मथुरा, कानपुर, प्रयागराज, वाराणसी, गाजीपुर, मिर्जापुर, जौनपुर, बलिया, मऊ, चंदौली, कौशांबी और सोनभद्र समेत कई जिलों में 60 से 65 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज आंधी चलने की चेतावनी जारी की है। अधिकारियों ने लोगों से सतर्क रहने की अपील की है।

किसानों और यात्रियों के लिए एडवाइजरी

तेज हवा और बारिश को देखते हुए किसानों को फसल और कृषि उपकरण सुरक्षित रखने की सलाह दी गई है। खुले में रखा सामान नुकसान का कारण बन सकता है। वहीं यात्रा करने वाले लोगों से कहा गया है कि घर से निकलने से पहले मौसम अपडेट जरूर देख लें।

प्री-मानसून एक्टिविटी ने बढ़ाई चिंता

मौसम विशेषज्ञों के अनुसार बंगाल की खाड़ी और अरब सागर में बन रहे सिस्टम के कारण यूपी में प्री-मानसून गतिविधियां बढ़ रही हैं। हाल ही में आए तेज आंधी-तूफान ने कई जिलों में भारी तबाही मचाई थी। ऐसे में अगले कुछ दिन मौसम के लिहाज से संवेदनशील माने जा रहे हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *