बाराबंकी। जिले में लंबे समय से चल रहे देह व्यापार और नशीले पदार्थों के अवैध कारोबार का पुलिस ने पर्दाफाश किया है। नगर कोतवाली क्षेत्र के सिद्धार्थनगर मोहल्ले में पुलिस की संयुक्त टीम ने छापेमारी कर तीन महिलाओं समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया। कार्रवाई के दौरान भारी मात्रा में कोडीन युक्त सिरप, गांजा, कंडोम, मोबाइल फोन और नकदी बरामद की गई है।
पुलिस अधीक्षक अर्पित विजयवर्गीय ने शनिवार को मामले का खुलासा करते हुए बताया कि मैनुअल इंटेलिजेंस के जरिए सूचना मिली थी कि सिद्धार्थनगर स्थित एक मकान में संगठित तरीके से देह व्यापार संचालित किया जा रहा है। सूचना के आधार पर नगर क्षेत्राधिकारी संगम कुमार और रामनगर क्षेत्राधिकारी गरिमा पंत के नेतृत्व में कोतवाली नगर एवं महिला थाना पुलिस की संयुक्त टीम ने शुक्रवार रात दबिश दी।
छापेमारी के दौरान पुलिस ने दिनेश कुमार सहित तीन महिलाओं को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी में सात मोबाइल फोन, 59 शीशी कोडीन युक्त सिरप, 245 ग्राम गांजा, 58 न्यूट्रिशन सप्लीमेंट, 1600 रुपये नकद और 285 कंडोम बरामद किए गए। आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और अनैतिक देह व्यापार से संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ग्राहकों को नशा भी कराते थे उपलब्ध
पुलिस जांच में सामने आया है कि आरोपी मोबाइल फोन के माध्यम से ग्राहकों से संपर्क करते थे। अधिक मुनाफा कमाने के लिए ग्राहकों को गांजा, कोडीन सिरप और अन्य सप्लीमेंट भी उपलब्ध कराए जाते थे, जिससे उनसे अधिक रकम वसूली जा सके।
स्थानीय पुलिस की भूमिका पर उठे सवाल
कार्रवाई के बाद क्षेत्र के लोगों ने मंडी चौकी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े किए हैं। स्थानीय निवासियों का आरोप है कि यह अवैध कारोबार कई वर्षों से संचालित हो रहा था और इसकी शिकायतें कई बार की गई थीं, लेकिन प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। लोगों का कहना है कि कारोबार से जुड़े लोगों के प्रभाव के कारण शिकायतकर्ताओं को दबाव और धमकियों का सामना करना पड़ता था।
नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश
एसपी अर्पित विजयवर्गीय ने बताया कि अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई है। गिरफ्तार आरोपियों से पूछताछ की जा रही है और यह भी पता लगाया जा रहा है कि इस नेटवर्क से और कौन-कौन लोग जुड़े हुए हैं। पुलिस मामले की गहन जांच में जुटी है।