बरेली। ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों को ठगने वाले साइबर गिरोह से जुड़े दो युवकों को बरेली पुलिस ने गिरफ्तार किया है। जांच में दोनों के बैंक खातों में साइबर ठगी से जुड़े करीब 2.96 लाख रुपये के संदिग्ध लेनदेन का खुलासा हुआ है। पुलिस ने दोनों के कब्जे से मोबाइल फोन भी बरामद किए हैं। शुरुआती जांच में गिरोह के तार हरियाणा, राजस्थान समेत कई राज्यों से जुड़े मिले हैं।
गिरफ्तार आरोपियों में सुभाषनगर के शिवनगर मढ़ीनाथ निवासी 25 वर्षीय देवेंद्र सिंह और हाफिजगंज क्षेत्र के रसूला कमरुल निशा निवासी, वर्तमान में कर्मचारी नगर के निर्मल फेज-2 में रहने वाला 20 वर्षीय शिवम गंगवार शामिल हैं।
खातों में मंगवाते थे ठगी की रकम
पुलिस जांच में सामने आया कि देवेंद्र सिंह के बैंक खाते में साइबर ठगी से जुड़े 16,680 रुपये का लेनदेन मिला। पूछताछ में उसने बताया कि वह अपने साथियों के साथ मिलकर ऑनलाइन गेम के नाम पर लोगों को झांसे में लेता था। ठगी की रकम पहले उसके खाते में मंगाई जाती थी और फिर अलग-अलग माध्यमों से निकाल ली जाती थी। वहीं शिवम गंगवार के खाते में करीब 2.80 लाख रुपये की संदिग्ध रकम पहुंचने का खुलासा हुआ। उसने भी पूछताछ में स्वीकार किया कि दूसरे राज्यों में सक्रिय साथियों के साथ मिलकर साइबर ठगी की रकम अपने खाते में मंगवाता था और बाद में उसे निकालकर आपस में बांट लिया जाता था।
मोबाइल फोन से खुल सकते हैं और राज
दोनों आरोपियों के पास से एक-एक मोबाइल फोन बरामद हुआ है। पुलिस अब मोबाइल फोन की जांच कर रही है। आशंका है कि इनके जरिए गिरोह के अन्य सदस्यों और साइबर ठगी के कई मामलों का खुलासा हो सकता है। पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ संबंधित थानों में बीएनएस और आईटी एक्ट की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर न्यायालय में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया। शुरुआती जांच में यह भी सामने आया है कि गिरफ्तार आरोपियों के खिलाफ साइबर ठगी से जुड़ी शिकायतें पहले से दर्ज हैं और पुलिस अब इनके नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है।